
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज और पूर्व कप्तान विराट कोहली के लिए पिछले एक-दो साल बिल्कुल भी अच्छे नहीं रहे हैं. बल्ले से नाकामी के साथ ही, टीम इंडिया में उनका रुतबा भी पहले से कम हुआ है क्योंकि एक साल पहले जहां वह तीनों फॉर्मेट में टीम के कप्तान थे, वहीं अब सिर्फ एक बल्लेबाज के तौर पर टीम का हिस्सा हैं. खामोश बल्ला और फिर कप्तानी से जुड़े विवाद के कारण वह काफी दबाव में रहे हैं, जिस पर वह अब अपना दर्द बयां कर रहे हैं. कोहली ने कहा है कि उस दौर में सिर्फ एमएस धोनी ने उनका साथ दिया.
एशिया कप 2022 शुरू होने से पहले एक इंटरव्यू में खुलकर मानसिक दबाव की बात करने वाले कोहली ने अब उस दौर के बारे में बताया है, जब उन्होंने टीम इंडिया के कप्तान के तौर पर आखिरी फॉर्मेट यानी टेस्ट से भी इस्तीफा दे दिया था. कोहली ने बताया है कि उनके इस फैसले के बाद जहां कई पूर्व खिलाड़ियों ने मीडिया में कई तरह की बातें की और सुझाव दिए, लेकिन सिर्फ पूर्व कप्तान और उनके बेहद करीबी महेंद्र सिंह धोनी ने ही बात की.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/virat-kohli-says-only-ms-dhoni-texted-him-when-left-test-captaincy-ind-vs-pak-asia-cup-au84-1437311.html