Ads Area

Hockey 5 में भारत का मिला-जुला आगाज, पुरुष टीम की स्विट्जरलैंड पर जीत, महिलाओं की दोनों मैचों में हार

Indian Men Hockey Team

हॉकी को फिर से लोगों के बीच लोकप्रिय बनाने और इसे ज्यादा से ज्यादा हिस्सों तक पहुंचाने के लिए खेल का सबसे नया प्रयोग शुरू हो चुका है. स्विट्जरलैंड के लुसाने में एफआईएच हॉकी फाइव (FIH Hockey-5) टूर्नामेंट का पहला सीजन शुरू हो गया और भारतीय हॉकी टीमों ने भी इसमें हिस्सा लिया. शनिवार को भारतीय पुरुष टीम (Indian Men Hockey Team) ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ खेला, जबकि मेजबान स्विट्जरलैंड पर 4-3 से जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की. वहीं भारतीय महिला टीम (Indian Women Hockey Team) को उरुग्वे (3-4) और पोलैंड (1-3) के खिलाफ शिकस्त झेलनी पड़ी.

ये टूर्नामेंट हॉकी के 11-11 खिलाड़ियों की बजाए 5-5 खिलाड़ियों के साथ खेला जाता है. हॉकी फाइव मैच 20 मिनट का होता है जो दस दस मिनट के दो हाफ में होते हैं. इसे आने वाले वक्त में ओलिंपिक में शामिल किए जाने का प्रस्ताव है. ऐसे में इस नए फॉर्मेट के लिए सभी टीमें खुद को ढालने की कोशिश कर रही हैं और उस दिशा में तैयारी के लिहाज से ये पहला टूर्नामेटं शुरू हो चुका है.

स्विट्जरलैंड पर मिली जीत

भारत ने इस टूर्नामेंट में अपनी युवा टीमें उतारी हैं. गुरिंदर सिंह की अगुवाई में पुरुष टीम ने पहले मैच में फिटनेस, कौशल और गति का शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें राहील मोहम्मद ने दूसरे और 10 वें मिनट में दो मैदानी गोल किए. मोइरंगथेम रबीचंद्र ने पहले मिनट में चैलेंज गोल किया, जबकि कप्तान गुरिंदर ने 19वें मिनट में भारत के लिए गोल किया. स्विट्जरलैंड के लिए विंकलर जोनास (छठे मिनट), रेइनहार्ड फैबियो (11वें मिनट) और क्रुसी पैट्रिक (16वें मिनट) ने गोल किए. भारत हाफ टाइम तक 3-1 से आगे था.

पाकिस्तान के साथ ड्रॉ से चलाया काम

भारतीय पुरुष टीम ने दिन के अपने दूसरे मैच में पाकिस्तान के खिलाफ दो बार बढ़त बनाई लेकिन उसे बरकरार नहीं रख पाये और 2-2 से ड्रॉ खेला. राहील मोहम्मद ने पहले ही मिनट में मैदानी गोल के जरिए भारत को बढ़त दिला दी, इसके छह मिनट बाद लैकत अरशद ने बराबरी का गोल दागा. गुरसाहिबजीत सिंह ने भारत को 18वें मिनट में एक बार फिर बढ़त दिला दी लेकिन चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान ने आखिरी सीटी बजने से कुछ सेकंड पहले अब्दुल रहमान के गोल से बराबरी कर ली. कोच ग्राहम रीड टीम रविवार को मलेशिया और पोलैंड से भिड़ेगी.

महिला टीम की खराब शुरुआत

वहीं भारतीय महिला टीम को शुरुआत में ही निराशा का सामना करना पड़ा. महिला टीम के पहले मैच में उरुग्वे के खिलाफ कुजूर अजमीना (पहले और सातवें मिनट) ने दो गोल दागे जबकि फाल्के वैष्णवी विट्ठल (18वें मिनट) ने भी भारत के लिए गोल किया. उरुग्वे की कप्तान वियाना टेरेसा (दूसरा, 10वां और 19वां) ने तीन गोल दाग कर मैच में अंतर पैदा किया. टीम के एक अन्य गोल विलार मैनुएला (छठे मिनट) ने किया. रजनी इतिमार्पू की अगुवाई वाली भारतीय टीम को इसके बाद पोलैंड से 1-3 से हार का सामना करना पड़ा. भारत के लिए इकलौता गोल रश्मिता मिंज ने किया. रविवार को टीम का सामना मेजबान स्विट्जरलैंड और दक्षिण अफ्रीका का सामना करेगी.



source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/hockey-5-tournament-india-men-women-hockey-team-results-india-vs-pakistan-au84-1269818.html

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad