Ads Area

इंग्लैंड की कप्तानी पर फूटे Joe Root के जज्बात, रिश्ते को बताया बेहद खराब, कहा- परिवार पर होने लगा असर

Joe Root

टेस्ट फॉर्मेट में कई महीनों से बुरे दौर से गुजर रही इंग्लैंड क्रिकेट टीम England Cricket Team) का नया सफर जीत के साथ शुरू हुआ है. नए कप्तान बेन स्टोक्स और नए कोच ब्रैंडन मैक्कलम के कार्यकाल की शुरुआत लॉर्ड्स टेस्ट (Lord’s Test) में न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत के साथ हुई है. इस नए दौर के बावजूद जीत का अहम सूत्रधार वही खिला़ड़ी है, जो इस खराब दौर में टीम को आगे बढ़ाने के प्रयास कर रहा है. अपने नेतृत्व से भी और अपने बल्ले से भी. इंग्लैंड के सबसे सफल कप्तान रह चुके जो रूट (Joe Root) के शतक से ही इंग्लैंड को नए दौर में पहली जीत मिली और इस जीत के साथ ही रूट ने अपनी कप्तानी के आखिरी वक्त को लेकर पहली बार खुलकर अपनी भावनाओं को व्यक्त किया है और जो कहा है उससे पता चलता है कि वह किस कदर दबाव में थे.

रविवार 5 जून को लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 5 विकेट से हरा दिया. इस जीत में रूट ने 115 रनों की नाबाद पारी से सबसे बड़ी भूमिका निभाई. रूट के कप्तानी छोड़ने के बाद उनका और इंग्लैंड का ये पहला ही टेस्ट था और सीधे इंग्लैंड को जीत मिली. रूट के कार्यकाल का अंतिम दौर बेहद खराब था क्योंकि पिछले 17 टेस्ट में इंग्लैंड को सिर्फ 1 जीत मिली थी. बल्कि पिछले 10 महीनों में तो टीम खाली हाथ ही रही थी. ऐसे में रूट पर कप्तानी छोड़ने का भारी दबाव था और इस साल वेस्टइंडीज में मिली हार के बाद उन्होंने आखिर इस्तीफा दे ही दिया.

परिवार पर और स्वास्थ पर पड़ रहा था असर

रूट के कप्तानी से हटने के बाद आखिरकार इंग्लैंड को पहली जीत नसीब हो ही गई, लेकिन इसके नायक भी रूट ही थे. मैच के बाद रूट ने कप्तानी के आखिरी महीनों की स्थिति की बात की और कहा कि उनका कप्तानी के साथ रिश्ता बेहद बिगड़ गया था. रूट ने कहा,

ईमानदारी से कहूं तो ये एक बेहद अस्वस्थ रिश्ता बन चुका था, मैं और कप्तानी ये मेरे स्वास्थ पर बुरा असर डालने लगी थी. ये सब मैं सिर्फ मैदान पर छोड़कर नहीं आ पा रहा था, ये घर में भी पहुंच रहा था. ये मेरे परिवार और मेरे करीबियों के प्रति सही नहीं था, और ये खुद मेरे लिए भी सही नहीं था.

स्टोक्स की मदद के लिए उत्साहित

इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा 64 मैचों में कप्तानी करने वाले जो रूट ही इंग्लैंड के सबसे सफल टेस्ट कप्तान भी हैं. हालांकि, वह टीम को बुरे दौर से उबारने की हर संभव कोशिश के बाद भी सफल नहीं हो पाए, लेकिन उम्मीद करते हैं कि स्टोक्स ऐसा कर सकेंगे. रूट ने कहा, मैं अब ऐसा करने के लिए काफी उत्साहित हूं और इस टीम को बदलने में बेन की हर संभव मदद के लिए तैयार हूं, ताकि ये वह ताकत बन सके जो इसे होना चाहिए और जो हो सकती है.”



source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/joe-root-comment-england-cricket-team-captaincy-unhealthy-relationship-lords-test-eng-vs-nz-au84-1271397.html

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad