Ads Area

कप्तानी में जीरो है बाबर, बंद करो कोहली से तुलना, पूर्व खिलाड़ी ने आजम को लताड़ा

Babar Azam (44)

पाकिस्तान क्रिकेट टीम को अपने घर में करारी हार का सामना करना पड़ा है. इंग्लैंड ने पाकिस्तान को उसके घर में तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 3-0 से शिकस्त दी है. इस हार के बाद पाकिस्तान टीम के कप्तान बाबर आजम आलोचकों के निशाने पर हैं. पाकिस्तान टीम के पूर्व लेग स्पिनर दानिश कनेरिया ने बाबर आजम को निशाने पर लिया है और कहा है कि वह कप्तान के तौर पर शून्य हैं. कनेरिया ने साथ ही भारत के बेहतरीन बल्लेबाज विराट कोहली और बाबर की तुलना पर भी नाराजगी जाहिर की है.

इंग्लैंड की टीम 17 साल बाद पाकिस्तान के दौरे पर थी और टेस्ट सीरीज खेल रही थी. इस सीरीज के तीनों मैचों में इंग्लैंड की टीम हावी रही. इसी के साथ बाबर पाकिस्तान के इतिहास में पहले ऐसे कप्तान बन गए हैं जिन्होंने अपने घर में लगातार चार टेस्ट मैच हारे हैं. इंग्लैंड के खिलाफ तीन टेस्ट मैच के अलावा ऑस्ट्रेलिया ने भी पाकिस्तान को हराया था.

कोहली से तुलना बंद करो

अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए कनेरिया ने कहा कि वह कोहली और बाबर की तुलना बंद करें. उन्होंने साथ ही कहा कि पाकिस्तान की टीम में एक भी ऐसा खिलाड़ी नहीं है जिसकी तुलना कोहली और रोहित से की जा सके. कनेरिया ने कहा, “लोगों को विराट कोहली और बाबर आजम की तुलना करना बंद कर देना चाहिए. विराट कोहली और रोहित शर्मा बहुत बड़े खिलाड़ी हैं. पाकिस्तान की टीम में कोई भी ऐसा नहीं है जिसकी तुलना उनसे की जाए. अगर आप उनको बात करने को कहोगे तो वह राजा बन जाएंगे. लेकिन जब आप उनसे परिणाम की कहोगे तो वह जीरो रहेंगे.”

कप्तान के नाम पर शून्य हैं बाबर

कनेरिया ने आगे कहा कि बाबर एक कप्तान के तौर पर जीरो हैं और वह टीम की कप्तानी करने के हकदार नहीं हैं. उन्होंने कहा कि बाबर, बेन स्टोक्स से कप्तानी सीख सकते हैं. उन्होंने साथ ही कहा कि बाबर टीम के पूर्व कप्तान सरफराज अहमद से टीम का नेतृत्व करने के मामले में सलाह ले सकते हैं.

उन्होंने कहा, “बाबर आजम कप्तान के तौर पर जीरो हैं. वह टीम की कप्तानी करने के हकदार नहीं हैं. वह टीम की कप्तानी करने के लायक नहीं हैं, खासकर जब बात टेस्ट क्रिकेट की आती है तो. उनके पास बेन स्टोक्स और ब्रेंडन मैक्कलम से कप्तानी सीखने का मौका था. या फिर वह अपना इगो साइड में रख सरफराज अहमद से कप्तानी के बारे में पूछ सकते थे.”



source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/danish-kaneria-says-babar-azam-is-zero-as-captain-should-not-be-compared-to-virat-kohli-au149-1619969.html

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad