Ads Area

India vs Pakistan World Cup: पाकिस्तान ने फिर दी बॉयकॉट की गीदड़भभकी, एशिया कप से हटने को भी तैयार

India vs Pakistan World Cup: पाकिस्तान ने फिर दी बॉयकॉट की गीदड़भभकी, एशिया कप से हटने को भी तैयार

नई दिल्लीः एशिया कप और वर्ल्ड कप को लेकर भारत-पाकिस्तान के क्रिकेट बोर्ड के बीच चल रही तनातनी में फिलहाल कोई कमी आती नहीं दिख रही है. एक तरफ तो एशिया कप के पाकिस्तान की जगह किसी अन्य देश में आयोजित कराए जाने की बातें हो रही हैं, वहीं दूसरी ओर वर्ल्ड कप में दोनों टीमों की टक्कर की तारीखें और शहर तय होने जैसी खबरें भी सामने आई हैं. लेकिन फिलहाल दोनों ही मोर्चों पर स्थिति और पेचीदा होती दिख रही है क्योंकि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड अपनी मांग पर अड़ा हुआ है.

पाकिस्तान को इस साल के एशिया कप की मेजबानी करनी है. लेकिन पिछले साल जब से एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष और बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने टीम इंडिया को पाकिस्तान भेजने से इनकार किया है, तब से ही इस टूर्नामेंट के आयोजन पर सवाल बना हुआ है. साथ ही पाकिस्तान ने इसके बाद से ही कई बार वर्ल्ड कप के बॉयकॉट की धमकी भी दी है.

पाकिस्तानी सरकार नहीं देगी इजाजत

ऐसा लग रहा है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड अपने इस रुख पर अड़ा रहने वाला है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की मैनेजमेंट कमेटी के प्रमुख नजम सेठी ने एक भारतीय न्यूज वेबसाइट के साथ इंटरव्यू में इस रुख को साफ कर दिया. उन्होंने कहा कि अगर भारतीय टीम एशिया कप के लिए पाकिस्तान नहीं आती या बीसीसीआई पाकिस्तान द्वारा प्रस्तावित हाइब्रिड मॉडल के लिए तैयार नहीं होती तो पाकिस्तानी टीम भी वर्ल्ड कप के लिए भारत नहीं जाएगी.

नजम सेठी ने सुरक्षा कारणों को खारिज करते हुए कहा कि ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका जैसे देशों ने पाकिस्तान का दौरा किया है और ऐसे में भारत को भी पाकिस्तान आने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए. उन्होंने साफ कर दिया कि अगर बीसीसीआई भारत सरकार का हवाला देते हुए अपनी टीम को नहीं भेजती तो सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान सरकार भी अपनी टीम को नहीं भेजेगी और अपने मैच न्यूट्रल वेन्यू पर खेलेगी.

एशिया कप भी नहीं खेलेंगे

एशिया कप के सवाल पर पाकिस्तानी बोर्ड के मुखिया ने अपने ‘हाइब्रिड आयोजन’ प्लान का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उन्होंने ACC की मीटिंग में इसका प्रस्ताव रखा था जिसके तहत बाकी टीमें अपने कुछ मैच पाकिस्तान में खेल सकती हैं और उसके बाद सभी टीमें दूसरे वेन्यू पर जा सकती हैं जहां भारत अपने मैच खेल सकता है.

उन्होंने साफ कर दिया कि इस मॉडल को ही वर्ल्ड कप में और फिर चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में लागू किया जा सकता है. सेठी ने कहा कि अगर वह इस मॉडल पर सहमति नहीं बनती है और टूर्नामेंट को पाकिस्तान से बाहर ले जाया जाता है तो पाकिस्तान इसमें हिस्सा नहीं लेगा.



source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/world-cup-2023-pakistan-cricket-team-not-going-to-india-pcb-najam-sethi-1858574.html

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad