Ads Area

SRH vs KKR Match Report: हैदराबाद ने गंवाया हाथ आया मैच, गेंदबाजों ने दिलाई कोलकाता को चौथी जीत

SRH vs KKR Match Report: हैदराबाद ने गंवाया हाथ आया मैच, गेंदबाजों ने दिलाई कोलकाता को चौथी जीत

हैदराबादः कोलकाता नाइट राइडर्स ने कुछ दिनों के इंतजार के बाद सनराइजर्स हैदराबाद से अपना हिसाब बराबर कर लिया है. अपने गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की मदद से कोलकाता ने आखिरी ओवरों में जबरदस्त वापसी की और हैदराबाद को 5 रन से हरा दिया. इसके साथ ही कोलकाता ने प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को बरकरार भी रखा है.

कोलकाता को इससे पहले अपने घर में सनराइजर्स हैदराबाद से हार का सामना करना पड़ा था. इस बार कोलकाता ने हैदराबाद को उसके घर में हराकर अपनी हार का बदला ले लिया. कोलकाता की ये इस सीजन में चौथी जीत है, जबकि हैदराबाद की छठी हार है.

हैदराबाद की शुरुआत ही खराब

सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत तो तेज थी और मयंक अग्रवाल के दम पर तीसरे ओवर तक ही स्कोर 29 रन हो गया था. इसके बाद हालांकि टीम ने छठे ओवर तक 3 विकेट गंवा दिये. हालांकि, टीम ने पावरप्ले खत्म होने तक 50 का आंकड़ा पार कर लिया था लेकिन मयंक, अभिषेक शर्मा और राहुल त्रिपाठी पवेलियन लौट गए थे. वहीं 13 करोड़ वाले हैरी ब्रूक का खराब दौर जारी रहा और लगातार दूसरे मैच में शून्य पर आउट हो गए.

हाथ आया मैच गंवाया

सिर्फ 54 रन पर ही हैदराबाद ने अपने 4 विकेट गंवा दिये थे और स्थिति उसके खिलाफ नजर आ रही थी. कप्तान एडन मार्करम एक तरफ से जमे रहे और दूसरी ओर से हेनरिख क्लासन ने ताबड़तोड़ बैटिंग शुरू की. साउथ अफ्रीकी विकेटकीपर बल्लेबाज ने सिर्फ 20 गेंदों में 36 रन बनाकर टीम की वापसी कराई.

यहां पर गेम फिर से बदल गया. 15वें और 17वें ओवर में पहले क्लासन और फिर मार्करम आउट हो गए. फिर 19वें ओवर में रहमानुल्लाह गुरबाज ने एक बेहतरीन कैच लेकर मार्को यानसन को पवेलियन लौटा दिया. आखिरी ओवर में 9 रनों की जरूरत थी. आखिरी ओवर कराने आए वरुण चक्रवर्ती ने अब्दुल समद का विकेट लेते हुए सिर्फ 3 रन दिये और केकेआर की जीत पर मुहर लगाई.

पावरप्ले में फिर फेल KKR

केकेआर ने इस सीजन में सिर्फ एक मैच को छोड़कर हर मैच में पावरप्ले में कम से कम एक विकेट गंवाया था और ये कहानी इस बार भी नहीं बदली. हैदराबाद के खिलाफ तो बल्कि टीम का ने पावरप्ले में ही 3 विकेट गंवा दिये. रहमानुल्लाह गुरबाज और वेंकटेश अय्यर तो दूसरे ओवर में ही मार्को यानसन का शिकार हो गए. वहीं जेसन रॉय भी पांचवें ओवर में आउट हो गए और स्कोर सिर्फ 35 रन था.

रिंकू-नीतीश ने किया जोरदार वार

हालात अच्छे नहीं थे लेकिन यहां पर कप्तान नीतीश राणा और रिंकू सिंह ने दबने के बजाए काउंटर अटैक किया. दोनों के बीच 40 गेंदों में 61 रनों की साझेदारी हुई, जिसने कोलकाता को 11 ओवरों में 90 रनों के पार पहुंचा दिया. यहां पर राणा का विकेट गिरा लेकिन आंद्रे रसेल ने तेजी से कुछ रन बनाकर रफ्तार को गिरने नहीं दिया.

इसके बाद हालांकि कोई और बल्लेबाज बड़ा योगदान नहीं दे सका लेकिन रिंकू सिंह आखिरी ओवर तक टिके रहे. उन्होंने और अनुकूल रॉय ने कुछ शॉट्स लगाकर टीम को 20 ओवरों में 9 विकेट पर 171 रन के स्कोर तक पहुंचाया. हैदराबाद के लिए यानसन के अलावा टी नटराजन ने भी 2 विकेट लिये.



source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/ipl-2023-match-47-srh-vs-kkr-match-report-in-hindi-sunrisers-hyderabad-vs-kolkata-knight-riders-full-scorecard-1848044.html

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad