Ads Area

WTC Final: इंग्लैंड से है टीम इंडिया को खास लगाव, वापसी करने की पुरानी आदत, 5 बार दिखाया दुनिया को दम

WTC Final: इंग्लैंड से है टीम इंडिया को खास लगाव, वापसी करने की पुरानी आदत, 5 बार दिखाया दुनिया को दम

नई दिल्लीः वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के सामने भारतीय टीम की स्थिति बिगड़ी हुई है. ओवल में हो रहे इस फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने पहले दमदार बैटिंग से 469 रन का स्कोर खड़ा किया. फिर उसके तेज गेंदबाजों ने टीम इंडिया की बैटिंग को झकझोर दिया और 151 रन तक ही 5 विकेट हासिल कर लिये. इंग्लैंड में ये पहला मौका नहीं है जब टीम पर संकट बना हुआ है. इससे पहले भी कई बार ऐसा हुआ और टीम इंडिया ने कुछ यादगार जीत भी दर्ज की हैं.

इस फाइनल में भारतीय टीम को वापसी करने के लिए दमदार प्रदर्शन की जरूरत होगी. कुछ वैसा ही प्रदर्शन जैसा 1983 के वर्ल्ड कप में देखने को मिला था. जैसा लॉर्ड्स और ओवल में ही पिछले दौरों पर किया था. टीम इंडिया की ऐसी ही कुछ यादगार जीतों के बारे में आपको बताते हैं.

ये भी पढ़ेंः कोहली को फिर रास नहीं आया ओवल का मैदान

भारत-इंग्लैंड टेस्ट, 1971

ओवल के जिस मैदान पर टीम इंडिया आज संघर्ष कर रही है, यहीं भारत ने इंग्लैंड में अपनी पहली जीत दर्ज की थी. 1971 में ओवल में ही भारत ने पिछड़ने के बाद वापसी की थी. इंग्लैंड ने पहली पारी में 355 रन बनाए थे जबकि टीम इंडिया सिर्फ 284 रन बना सकी थी. भगवद चंद्रशेखर के दूसरी पारी में 6 विकेट के दम पर इंग्लैंड की दूसरी पारी 101 रन पर सिमट गई थी. भारत ने आखिरकार 4 विकेट से ये मैच जीतकर इंग्लैंड की जमीन पर पहली सफलता हासिल की थी.

भारत-जिम्बाब्वे, 1983 वर्ल्ड कप

ये सिर्फ इंग्लैंड की नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट के इतिहास की सबसे अहम और सबसे यादगार जीत में से है. 1983 के विश्व कप में टनब्रिज वेल्स में जिम्बाब्वे के खिलाफ टीम इंडिया ने सिर्फ 17 रन पर 5 विकेट गंवा दिये थे. हार तय लग रही थी. ऐसे में कप्तान कपिल देव ने 175 रन की सनसनीखेज पारी खेलकर टीम को 266 रन तक पहुंचाया. आखिरकार टीम ने 31 रन से जीत दर्ज की.

ये भी पढ़ेंः स्मिथ से चौके खाकर सिराज को आया गुस्सा

भारत-वेस्टइंडीज, 1983 वर्ल्ड कप

ये वर्ल्ड कप भारत की तकदीर में लिखा था. जिम्बाब्वे पर मिली जीत के बाद टीम इंडिया ने फाइनल में पूरी दुनिया को चौंका दिया था. लॉर्ड्स में टीम इंडिया के सामने लगातार दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज थी. भारत सिर्फ 183 रन पर ढेर हो गया था. इसके बावजूद कपिल देव के एक यादगार कैच और मोहिंदर अमरनाथ के ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर भारत ने पहली बार वर्ल्ड कप जीत लिया था.

भारत-इंग्लैंड फाइनल, 2013 चैंपियंस ट्रॉफी

बर्मिंघम में खेले गए इस फाइनल में टीम इंडिया ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवरों में सिर्फ 129 रन बनाए थे. बारिश से प्रभावित होने के कारण ये मैच सिर्फ 20-20 ओवरों का हो सका था. भारत के लिए विराट कोहली और रवींद्र जडेजा ने दमदार पारियां खेली थीं. छोटे स्कोर के बावजूद टीम इंडिया ने रविचंद्रन अश्विन, इशांत शर्मा और जडेजा की गेंदबाजी के दम पर 5 रन से जीत के साथ खिताब अपने नाम किया था.

भारत-इंग्लैंड टेस्ट, 2021

लॉर्ड्स में खेले गए इस टेस्ट में भारत ने पहली पारी में पिछड़ने के बावजूद इंग्लैंड को 151 रन से हराया. ये मैच के हाल के सालों में विदेशी जमीन पर भारत की सबसे बेहतरीन जीत में से है. इंग्लैंड ने पहली पारी में 27 रनों की बढ़त हासिल कर ली थी. केएल राहुल ने पहली पारी में 129 रन बनाए थे. दूसरी पारी में मुश्किल में फंसी टीम को मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह ने अपनी बैटिंग से बचाया. दोनों ने 89 रनों की साझेदारी की. इसके बाद मोहम्मद सिराज समेत सभी गेंदबाजों ने इंग्लैंड को 120 रन पर ढेर कर टेस्ट जीत लिया.

ये भी पढ़ेंः ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने फाइनल में कर डाली बड़ी गलती



source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/wtc-final-indian-team-comeback-wins-in-england-1983-world-cup-lords-test-win-1909072.html

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad