Ads Area

IND vs PAK: सूर्यकुमार यादव ने हद कर दी! फाइनल में सिर्फ 1 रन पर आउट, भारतीय कप्तान ने बनाया सबसे खराब रिकॉर्ड

IND vs PAK: सूर्यकुमार यादव ने हद कर दी! फाइनल में सिर्फ 1 रन पर आउट, भारतीय कप्तान ने बनाया सबसे खराब रिकॉर्ड

Suryakumar Yadav vs Pakistan: टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव अपने खराब प्रदर्शन के सिलसिले को एशिया कप 2025 के फाइनल में भी नहीं तोड़ सके. इस साल लगातार बड़ा स्कोर बनाने के लिए जूझ रहे भारतीय कप्तान का बल्ला पूरे एशिया कप में नहीं चला. मगर फाइनल में उनसे उम्मीद थी कि पाकिस्तान के खिलाफ उनका बल्ला आखिरकार रन उगलेगा लेकिन इस बार भी कहानी नहीं बदली और वो सिर्फ 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. इतना ही नहीं, पाकिस्तान के खिलाफ अपने करियर में एक बार फिर वो कोई भी असर छोड़ने में नाकाम रहे.

फाइनल में भी टीम को नहीं बचा सके सूर्या

दुबई में हुए इस फाइनल में टीम इंडिया को पाकिस्तान से 147 रन का लक्ष्य मिला था. इसके जवाब में टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही थी और इस टूर्नामेंट के सबसे सफल बल्लेबाज अभिषेक शर्मा दूसरे ओवर में ही आउट हो गए थे. ऐसे में तीसरे नंबर पर कप्तान सूर्यकुमार यादव आए, जिनके बल्ले से इस टूर्नामेंट में एक भी अर्धशतक नहीं निकला था. उनकी सबसे बड़ी पारी नाबाद 47 रन की थी, जो संयोग से इसी मैदान पर ग्रुप स्टेज में खेली थी.

ऐसे में जब टीम इंडिया को उनकी सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब कप्तान सूर्या खुद जिम्मेदारी लेते हुए तीसरे स्थान पर बैटिंग के लिए उतरे. मगर वो ज्यादा देर तक ये दारोमदार नहीं उठा सके और तीसरे ओवर में ही शाहीन शाह अफरीदी की गेंद पर कैच दे बैठे. पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा ने एक बेहतरीन कैच लेकर उन्हें आउट किया. सूर्या 5 गेंदों में सिर्फ 1 रन बना सके और इस तरह टूर्नामेंट में तीसरी बार सिंगल डिजिट स्कोर पर चलते बने.

पाकिस्तान के खिलाफ खराब रिकॉर्ड बरकरार

इस तरह सूर्यकुमार यादव ने एशिया कप 2025 का अंत 6 पारियों में सिर्फ 72 रन के साथ किया, जिसमें एक भी अर्धशतक नहीं था. इस पूरे साल भारतीय कप्तान की कहानी कुछ ऐसी ही रही है. उन्होंने 2025 में 11 पारियों में 11.11 के औसत से सिर्फ 100 रन ही बनाए हैं. उनका स्ट्राइक रेट भी केवल 105 का ही रहा है. इतना ही नहीं, पाकिस्तान के खिलाफ एक बार फिर वो अपने रिकॉर्ड को सुधारने में नाकाम रहे. अपने टी20 करियर में सूर्या ने पाकिस्तान के खिलाफ 8 पारियों में सिर्फ 112 रन ही बनाए हैं, जिसमें एक भी अर्धशतक शामिल नहीं है. इतना ही नहीं.

भारतीय कप्तान का सबसे खराब स्कोर

जहां तक फाइनल मैचों का सवाल है तो सूर्या ने भारतीय टीम के लिए 3 अलग-अलग खिताबी मुकाबले खेले हैं और इनमें उनके स्कोर सिर्फ 18, 3 और 1 ही रहे हैं. वहीं सभी टी20 टूर्नामेंट्स के फाइनल की बात करें तो यहां भी सूर्या की स्थिति अच्छी नहीं है. लीग और इंटरनेशनल टी20 फाइनल में 8 पारियों में सूर्या ने 14.37 की औसत से सिर्फ 115 रन बनाए हैं. इन सबके अलावा सूर्यकुमार यादव किसी टी20 टूर्नामेंट के फाइनल में सबसे छोटा स्कोर बनाने वाले भारतीय कप्तान बन गए हैं. इससे पहले ये रिकॉर्ड धोनी के नाम था, जिन्होंने 2014 के टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में नाबाद 4 रन बनाए थे.



source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/ind-vs-pak-suryakumar-yadav-fail-in-asia-cup-final-poor-record-against-pakistan-3502802.html

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad