
Heather Knight Retire: इंग्लैंड की पूर्व कप्तान हेदर नाइट ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है. भारत के खिलाफ लॉर्ड्स में खेला जा रहा टेस्ट मैच उनके करियर का आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला होगा. इस टेस्ट मैच के बाद संन्यास लेने वाली वो इंग्लैंड की दूसरी क्रिकेटर होंगी. उनके अलावा टैमी ब्यूमॉन्ट के करियर का भी लॉर्डस् में चल रहा टेस्ट आखिरी होगा. 35 साल की हेदर नाइट का इंटरनेशनल करियर 16 साल लंबा रहा, जिसमें वो इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली खिलाड़ी बनीं. उन्होंने अपने इंटरनेशनल करियर की शुरुआत 2010 में की थी, तब से टेस्ट, वनडे और T20I मिलाकर कुल 320 मुकाबले खेले हैं.
हेदर नाइट ने टीम इंडिया को दिया था दर्द
हेदर नाइट ने अपने इंटरनेशनल करियर में 6 शतक के साथ 7988 रन बनाए हैं. 2020 के महिला T20 वर्ल्ड कप में शतक जमाने के बाद वो तीनों फॉर्मेट में शतक जमाने वाली इंग्लैंड की पहली खिलाड़ी बन गईं. हेदर नाइट को टीम इंडिया को कभी ना भूल पाने वाला दर्द देने वाले महिला कप्तान के तौर पर भी जाना जाता है.
2017 के महिला वनडे वर्ल्ड कप में उन्हीं की कप्तानी में ही फाइनल में भारत को सिर्फ 9 रन से हराकर इंग्लैंड की टीम चौथी बार चैंपियन बनी थी. वो फाइनल मुकाबला भी लॉर्ड्स में ही खेला गया था और अब संन्यास का ऐलान भी नाइट ने उसी मैदान से किया है.हेदर नाइट ने 2016 से 2025 के बीच 199 मैचों में कप्तानी की, जिसमें 134 मैचों में इंग्लैंड को जीत मिली. ऑस्ट्रेलिया से एशेज में मिली हार के बाद उन्होंने कप्तानी छोड़ दी थी.
संन्यास के फैसले से संतुष्ट- हेदर नाइट
अपने संन्यास को लेकर हेदर नाइट भावुक हो गईं. उन्होंने कहा कि इंग्लैंड के लिए बतौर क्रिकेटर उनका सफर शानदार रहा. वो खुद को इसके लिए भाग्यशाली मानती हैं. उन्होंने कहा कि इंग्लैंड का ड्रेसिंग रूम 16 सालों तक मेरी जिंदगी का हिस्सा रहा है. ऐसे में इससे दूर होना आसान नहीं है. इस सफर ने एक बेहतर इंसान बनने में मेरी मदद की है. मैं अपने संन्यास के फैसले से संतुष्ट हूं और आगे के लिए उत्साहित भी हूं.
हेदर नाइट के संन्यास के फैसले पर ECB के चेयरमैन रिचर्ड थॉम्पसन ने कहा कि 16 साल तक देश का प्रतिनिधित्व कर उन्होंने अपनी काबिलियत का प्रमाण दिया है. उन्होंने महिला क्रिकेट के बदलते दौर में इंग्लैंड टीम के लिए एक आदर्श खिलाड़ी और कप्तान की भूमिका निभाई है.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/england-heather-knight-retire-from-international-cricket-after-lords-test-3848012.html