Ads Area

भारत में खेला जाएगा एशेज सीरीज का टेस्ट मैच? BBL के बाद ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड की टक्कर पर चर्चा

भारत में खेला जाएगा एशेज सीरीज का टेस्ट मैच? BBL के बाद ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड की टक्कर पर चर्चा

दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट मार्केट भारत ही है. देश में क्रिकेट की पॉपुलैरिटी सबसे ज्यादा है और यही कारण है कि हर देश न सिर्फ भारत आकर क्रिकेट मैच खेलना चाहता है, बल्कि भारतीय टीम की मेजबानी भी करना चाहता है. मगर अब तो अलग-अलग टीमों के बीच के मुकाबले भी भारत में आयोजित करने की चर्चाएं होने लगी हैं. ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (BBL) को लेकर ये फैसला हो चुका है लेकिन क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने एशेज सीरीज का मैच भारत में कराने का जिक्र करके सबको चौंका दिया है.

भारत में खेल सकते हैं इंग्लैंड-ऑस्ट्रेलिया

क्रिकेट इतिहास की सबसे पुरानी और सबसे मशहूर सीरीज है एशेज. इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जाने वाली इस टेस्ट सीरीज पर सिर्फ इन दोनों देशों की ही नहीं, बल्कि पूरे क्रिकेट जगत की नजर रहती है और खूब चर्चा बटोरती है. अब ये सीरीज ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेली जाती है तो जाहिर तौर पर हर बाइलेटरल सीरीज की तरह ये भी इन दो देशों में ही बारी-बारी से आयोजित होती है. मगर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) के कर्ता-धर्ताओं के जहन में क्रांतिकारी विचार चल रहे हैं.

ऑस्ट्रेलियाई बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टॉड ग्रीनबर्ग ने ये बात कहकर सनसनी फैला दी है. BBC को दिए एक इंटरव्यू में ग्रीनबर्ग ने कहा कि वो हर तरह के विकल्प पर विचार करने के लिए तैयार हैं, जिसमें भारत में एशेज सीरीज का एक टेस्ट मैच खेले जाने का विचार भी शामिल है. ग्रीनबर्ग ने इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड और BCCI के साथ मजबूत सम्बंधों का हवाला देते हुए कहा कि भारत में ज्यादा से ज्यादा निवेश के अवसर हैं और वो इस पर विचार करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं.

BBL के बाद टेस्ट में हो सकती है क्रांति

हालांकि ग्रीनबर्ग ने ये भी साफ किया कि फिलहाल CA के एजेंडा में ऐसी कोई योजना नहीं है कि आने वाले कुछ सालों में भारत में एशेज का टेस्ट खेला जाए. मगर उन्होंने इसको लेकर खुलापन जाहिर किया है, जिससे आने वाले वक्त में इसको लेकर चर्चा हो सकती है. हालांकि, इसके लिए एशेज में हिस्सा लेने वाले दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड की सहमति होनी अहम है. आपको याद दिला दें कि ऑस्ट्रेलियाई टी20 लीग BBL के इस साल होने वाले सीजन के पहले मैच को भारत में आयोजित करने पर सहमति बन चुकी है. ये मैच चेन्नई में खेला जाएगा.



source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/australia-vs-england-ahses-test-match-in-india-a-possibility-in-future-says-ca-chief-3859477.html

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad