Ads Area

Women’s T20 World Cup: भारत की श्री चरणी बनीं बेस्ट बॉलर, 5 मैच में ही झटके सबसे ज्यादा विकेट

Women’s T20 World Cup: भारत की श्री चरणी बनीं बेस्ट बॉलर, 5 मैच में ही झटके सबसे ज्यादा विकेट

ICC विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का अंत हो गया और ये वैसा ही अंत था, जिसकी आदत पिछले एक दशक से भी ज्यादा वक्त से पड़ी हुई है. एक बार फिर ऑस्ट्रेलिया ने अपना दबदबा दिखाते हुए टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी वापस अपने कब्जे में ले ली. ऑस्ट्रेलिया जहां चैंपियन बनी तो वहीं इंग्लैंड उप-विजेता रही. मगर टीम इंडिया के हाथ इस टी20 वर्ल्ड कप में भी खाली ही रहे. इस नाकामी के बावजूद भारतीय गेंदबाज श्री चरणी ने जरूर अपनी छाप छोड़ी, जिन्होंने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 14 विकेट झटके.

रविवार 5 जून को ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स के मैदान पर फाइनल मैच के साथ ही विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 अपने अंजाम पर पहुंचा. ऑस्ट्रेलिया ने 7 विकेट से ये मैच जीतकर 7वीं बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी पर अपना नाम लिखवाया. इस मुकाबले में दोनों टीमों की ओर से कुल मिलाकर सिर्फ 7 ही विकेट गिरे और दोनों टीमों में से कोई भी गेंदबाज मैच में एक से ज्यादा विकेट नहीं ले पाया और इसलिए कोई श्री चरणी से आगे नहीं निकल पाया.

पहले वर्ल्ड कप में ही चरणी ने बनाया रिकॉर्ड

भारतीय टीम की 21 साल की स्पिनर श्री चरणी ने सिर्फ 5 मैच ही खेले और इन 5 पारियों में ही उन्होंने सबसे ज्यादा 14 विकेट झटक लिए. बाएं हाथ की स्पिनर चरणी ने 8.35 की बेहतरीन औसत और 8.57 के जबरदस्त स्ट्राइक रेट से ये विकेट झटके, जबकि बेहद किफायती गेंदबाजी करते हुए उन्होंने सिर्फ 5.85 के इकॉनमी रेट से पूरे टूर्नामेंट में 20 ओवर में 117 रन ही खर्चे.

अगर भारतीय टीम फाइनल या सेमीफाइनल तक भी पहुंचती तो चरणी शायद एक महिला टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट का रिकॉर्ड तोड़ सकती थीं. ये रिकॉर्ड 2024 के इवेंट में न्यूजीलैंड की स्पिनर एमेली कर्र ने 15 विकेट लेकर बनाया था. मगर भारतीय स्पिनर की सफलता इसलिए खास है क्योंकि ये उनका पहला ही टी20 वर्ल्ड कप था. इस तरह डेब्यू टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट का रिकॉर्ड श्री चरणी के नाम हो गया.

कितने पीछे रहे बाकी गेंदबाज?

वहीं दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया की वर्ल्ड चैंपियन कप्तान सोफी मॉलिन्यू और पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना हैं. दोनों ने 11-11 विकेट हासिल किए. खास बात ये है कि दोनों ही एक वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली कप्तान भी बन गई हैं. मॉलिन्यू ने फाइनल में एक विकेट लेकर फातिमा की बराबरी की. वहीं तीसरे नंबर पर 10-10 विकेट के साथ संयुक्त रूप से इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टन और वेस्टइंडीज की कप्तान हेली मैथ्यूज रहीं.



source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/indian-spinner-shree-charani-tops-best-bowler-list-with-most-wickets-in-icc-womens-t20-world-cup-2026-after-final-3841594.html

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad