
18 Years Of Virat Kohli in International Cricket: चीकू, चेज मास्टर, किंग… ये सब विराट कोहली के ही पर्यायवाची है. चीकू नाम तो विराट पहले से ही लेकर इंटरनेशनल क्रिकेट में उतरे थे. लेकिन, चेज मास्टर और किंग का टैग उन्हें अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट के अपने 18 साल के बेमिसाल सफर के दौरान मिला है. इंटरनेशनल क्रिकेट में विराट कोहली के सफर की शुरुआत 18 अगस्त 2008 से हुई थी. तब से 18 अगस्त 2026 के बीच उन्होंने कामयाबियों के कई किस्से गढ़े, जो क्रिकेट इतिहास के पन्नों में दर्ज हो चुके है. हम यहां उनके उन 18 उपलब्धियों का जिक्र करने जा रहे हैं, जो वाकई कोहली को ‘विराट’ बनाती हैं.
18 साल, 18 ‘विराट’ कारनामें
- विराट कोहली पहले ऐसे क्रिकेटर हैं, जिन्होंने वनडे में 50 या उससे ज्यादा शतक जड़े हैं. उन्होंने अब तक 54 शतक लगाए हैं.
- विराट कोहली ने वनडे में 29 शतक रन चेज में जड़े हैं, जिसमें से 24 शतक भारत की जीत में आए हैं, जो कि एक रिकॉर्ड है.
- विराट कोहली सबसे ज्यादा 40 टेस्ट जीतने वाले भारतीय कप्तान हैं.
- मौजूदा इंटरनेशनल क्रिकेटरों के बीच एक कैलेंडर ईयर में विराट कोहली ने सबसे ज्यादा 11 शतक जड़े हैं. उन्होंने लगातार 2 साल 2017 और 2018 में ऐसा किया है.
- मौजूदा इंटरनेशनल क्रिकेटरों के बीच विराट कोहली ने सबसे ज्यादा 71 प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड जीते हैं. इस मामले में ओवरऑल भी वो बस सचिन से ही पीछे हैं.
- टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 7000 रन बनाने का भारतीय रिकॉर्ड विराट कोहली ने नाम हैं. उन्होंने 81 मैचों में ये उपलब्धि हासिल की है.
- विराट कोहली सबसे ज्यादा 7 डबल सेंचुरी जड़ने वाले भारतीय कप्तान हैं.
- विदेशी धरती पर खेली टेस्ट सीरीज में लगातार 4 शतक जड़ने वाले वो पहले भारतीय हैं.
- विराट कोहली टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज शतक जड़ने वाले भारतीय कप्तान हैं. उन्होंने 2017 में श्रीलंका के खिलाफ बस 93 गेंदों में शतक जड़ा था.
- विराट कोहली के नाम एक वनडे वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा 765 रन बनाने का रिकॉर्ड है. उन्होंने 2023 के वर्ल्ड कप में ये कामयाबी हासिल की थी.
- वनडे में सबसे तेज 8,000, 9,000, 10,000, 11,000, 12,000, 13,000, और 14,000 रन बनाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है.
- विराट कोहली इकलौते प्लेयर हैं, जिन्हें क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में 900+ रेटिंग पॉइंट ICC रैंकिंग में हासिल हुए हैं.
- इंटरनेशनल क्रिकेट में विराट कोहली सबसे ज्यादा 22 प्लेयर ऑफ द सीरीज जीतने वाले खिलाड़ी हैं.
- विराट कोहली किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं. उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 10 शतक लगाए हैं.
- इंटरनेशनल क्रिकेट में श्रीलंका के खिलाफ सबसे ज्यादा 15 शतक लगाने का रिकॉर्ड भी विराट के नाम है.
- वनडे में वेस्टइंडीज के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड भी विराट कोहली के नाम है. उन्होंने 9 शतक जड़े हैं.
- विराट कोहली एक दशक में 20000 या उससे ज्यादा इंटरनेशनल रन बनाने वाले इकलौते क्रिकेटर हैं. उन्होंने 2011 से 2020 के बीच ये उपलब्धि हासिल की.
- विराट कोहली T20I में सबसे ज्यादा 7 प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड जीतने वाले क्रिकेटर हैं.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/virat-kohli-18-years-in-international-cricket-here-are-18-of-his-unique-achievements-3883081.html