Ads Area

किसी को मिला ‘जर्सी टैटू’ तो किसी के कंधे पर नीले निशान… कोलंबो टेस्ट के बाद टीम इंडिया के सूरमाओं ने दिखाया अपना हाल

किसी को मिला ‘जर्सी टैटू’ तो किसी के कंधे पर नीले निशान… कोलंबो टेस्ट के बाद टीम इंडिया के सूरमाओं ने दिखाया अपना हाल

IND vs SL Test Series: भारत और श्रीलंका के बीच खेली गई दो टेस्ट मैचों की सीरीज 1-0 से टीम इंडिया के नाम रही. गॉल में पहला टेस्ट 165 रनों से जीतने के बाद कोलंबो में खेला गया दूसरा टेस्ट मुकाबला ड्रॉ पर खत्म हुआ. पांच दिनों के कड़े संघर्ष और भीषण गर्मी के बाद भारतीय ड्रेसिंग रूम से खिलाड़ियों के शरीर पर लगे निशानों की फोटोज सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं. सीरीज में बल्ले से धूम मचाने वाले स्टार बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल और विकेटकीपर ऋषभ पंत ने कोलंबो की तेज धूप और चोटों के निशान फैंस के साथ शेयर किए.

धूप ने पडिक्कल की पीठ पर बनाया ‘जर्सी टैटू’

इस सीरीज में साई सुदर्शन की जगह नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने उतरे 26 साल के देवदत्त पडिक्कल ने इस दौरे को अपने लिए ऐतिहासिक बना दिया. उन्होंने पहले टेस्ट में 167 और 44 रन, फिर दूसरे टेस्ट में 117 रनों की शतकीय पारी खेलकर प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब जीता. शानदार बल्लेबाजी के अलावा श्रीलंका की चिलचिलाती धूप ने उनकी पीठ पर एक अनोखा टैन छोड़ दिया.

दरअसल, पडिक्कल ने सोशल मीडिया पर अपनी पीठ की फोटो शेयर की, जिसमें सन टैन के चलते उनकी जर्सी का नाम ‘DEV’ और नंबर 37 उनके शरीर पर साफ छपा हुआ नजर आया. फैंस इस नेचुरल ‘जर्सी टैटू’ को उनके समर्पण और क्रीज पर घंटों बिताए गए वक्त का सबसे बड़ा मेडल बता रहे हैं. वहीं, पडिक्कल ने फोटोज शेयर करते हुए लिखा, ‘इस मौके के लिए सच में बहुत आभारी हूं और आगे और भी करने की चाहत है. एक कड़े मुकाबले वाली सीरीज से बहुत कुछ सीखने को मिला. अब अगली चुनौती के लिए तैयार हूं. आखिरी स्लाइड में धूप ने मुझे एक टैटू दे दिया.’

ऋषभ पंत ने दिखाया अपना चोटिल कंधा

भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के लिए भी कोलंबो टेस्ट शारीरिक रूप से काफी मुश्किल रहा. मैच के पहले दिन कलाई पर तेज गेंद लगने के बाद वो 3 रन पर रिटायर्ड हर्ट हो गए थे. हालांकि, उन्होंने वापसी करते हुए 89 गेंदों पर 63 रनों की आतिशी पारी खेली. लेकिन दूसरे दिन बैटिंग के दौरान उनके कंधे पर कई गेंदें लगीं, जिसके कारण वो तीसरे दिन विकेटकीपिंग नहीं कर सके. फिर चौथे दिन वो दोबारा विकेटकीपिंग के लिए मैदान पर लौटे.

ऋषभ पंत ने भी मैच के बाद कुछ फोटोज शेयर करते हुए अपनी चोटों का हाल बताया. जिसमें उनके कंधे पर नीले निशान और सूजन साफ दिखाई दी. पंत ने अपने बुरी तरह चोटिल होने पर लिखा, ‘उतार-चढ़ाव, मैदान की मस्ती, भरोसा और हर रन-विकेट के लिए पांच दिनों तक लड़ा गया मुकाबला. हम 2-0 से जीतना चाहते थे, लेकिन श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने जबरदस्त खेल दिखाया. चैंपियंस.’

View this post on Instagram

A post shared by Rishabh Pant (@rishabpant)



source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/ind-vs-sl-test-series-devdutt-padikkal-tan-tattoo-rishabh-pant-bruised-shoulder-3892057.html

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad