
India vs Sri Lanka, Galle Test: भारत और श्रीलंका के बीच गॉल टेस्ट में चौथे दिन चोट लगने के चलते मैदान से एक खिलाड़ी को बाहर जाना पड़ा है. गॉल टेस्ट के चौथे दिन श्रीलंका के खिलाड़ी दिनेश चांदीमल को चोट लगी है. चांदीमल का चोटिल होकर मैदान से बाहर जाना श्रीलंका के नजरिए से अच्छी खबर नहीं है, क्योंकि वो उसके मेन बल्लेबाज हैं. टेंशन की बात ये है कि चोट दिनेश चांदीमल के गर्दन में लगी है, जिसके चलते उन्हें आगे बल्लेबाजी में भी परेशानी हो सकती है.
चांदीमल को कब और कैसे लगी गर्दन में चोट?
दिनेश चांदीमल को गर्दन में चोट लगी है. ये चोट उन्हें भारत की दूसरी पारी के चौथे ओवर के दौरान लगी. नुवंथा के इस ओवर की आखिरी गेंद पर राहुल ने शॉट खेला, जिसे फील्ड करने के लिए दिनेश चांदीमल ने बाउंड्री लाइन पर दौड़ लगाई. गेंद को बाउंड्री पार करने से रोकने में तो वो कामयाब रहे मगर उस चक्कर में अपनी गर्दन को इंजर्ड कर बैठे. चांदीमल को इतना दर्द हुआ कि वो बाउंड्री लाइन के पास ही लेट गए. उनकी हालत देखकर श्रीलंकाई टीम के फिजियो दौड़े-दौड़े आए. उन्होंने चांदीमल की जांच की और उन्हें मैदान के बाहर ले जाने का फैसला किया.

चांदीमल की चोट कितनी गंभीर?
दिनेश चांदीमल की गर्दन की चोट कितनी गंभीर है, उस बारे में फिलहाल आधिकारिक कोई जानकारी नहीं है. चांदीमल के चोट की फिलहाल जांच होगी. श्रीलंकाई टीम के नजरिए से उनका फिट होना जरूरी है, क्योंकि गॉल टेस्ट में रन चेज में वो महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं. दिनेश चांदीमल ने पहली पारी में हालांकि ज्यादा रन नहीं बनाए थे और 4 रन बनाकर आउट हुए थे.
दिनेश चांदीमल के पास 90 से ज्यादा टेस्ट खेलने का अनुभव है, जिसमें उन्होंने 6500 से ज्यादा रन 16 शतक के साथ बनाए हैं. टेस्ट में उनका औसत 43.53 का है.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/ind-vs-sl-dinesh-chandimal-injury-in-neck-during-fielding-on-4th-day-of-india-vs-sri-lanka-galle-test-3883177.html