
Sunrisers Leeds Vs London Spirit: एक, दो, तीन, चार… और इसी तरह 31 छक्के. ये एक मैच में लगे छक्कों का हिसाब है. वो मैच जो 4 अगस्त को The Hundred में सनराइजर्स लीड्स और लंदन स्पिरिट के बीच खेला गया. वो मैच जिसमें रनों की मूसलाधार बारिश हुई. काव्या मारन की टीम सनराइजर्स लीड्स के दो बल्लेबाजों- मिचेल मार्श और रायन रिकल्टन- ने ऐसी तबाही मचाई कि गेंदबाज उनसे बचने का रास्ता तलाशते दिखे. सनराइजर्स लीड्स और लंदन स्पिरिट के बीच हुए तूफानी मैच में छक्के बरसे, रन सबसे ज्यादा बने और पार्टनरशिप के रिकॉर्ड भी टूटे.
मार्श और रिकल्टन ने पार्टनरशिप का तोड़ा रिकॉर्ड
मुकाबले में तूफान मचने में देरी नहीं हुई. पहले बल्लेबाजी सनराइजर्स लीड्स ने की, जिसके लिए ओपनिंग करने उतरे मिचेल मार्श और रायन रिकल्टन की जोड़ी ने कोहराम मचा दिया. दोनों ने मिलकर रन और छक्के की ऐसी बाढ़ सी ला दी कि पार्टनरशिप का रिकॉर्ड कब टूट गया, पता ही नहीं चला.
मिचेल मार्श और रायन रिकल्टन ने मिलकर ओपनिंग विकेट के लिए 148 रन जोड़े, जो कि सनराइजर्स लीड्स की ओर से किसी भी विकेट के लिए हुई सबसे बड़ी पार्टनरशिप का नया रिकॉर्ड है. इससे पहले ये रिकॉर्ड 111 रन का था. मिचेल मार्श ने 205.40 की स्ट्राइक रेट से 37 गेंदों पर 76 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 7 छक्के शामिल रहे. वहीं 8 छक्के और 6 चौके लगाने वाले रायन रिकल्टन 223.80 की स्ट्राइक रेट से 42 गेंदों पर 94 रन बनाकर सनराइजर्स लीड्स की इनिंग के आखिर तक नाबाद रहे.
सनराइजर्स लीड्स की ओर से छक्के और रन बरसे
मार्श और रिकल्टन के बल्ले से मचाए शोर की बदौलत सनराइजर्स लीड्स ने 2 विकेट खोकर 100 गेंदों पर 241 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. सनराइजर्स लीड्स ने 241 रन की स्क्रिप्ट 21 छक्कों के दम पर लिखी, जिसमें से 15 छक्के सिर्फ मार्श और रिकल्टन ने मिलकर जमाए. इनके अलावा 5 छक्के हैरी ब्रूक ने मारे जिन्होंने 18 गेंदों में ही 305 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से 55 रन ठोक दिए. वहीं डैन लॉरेंस के बल्ले से एक छक्का निकला.
View this post on Instagram
टॉप ऑर्डर नाकाम, लंदन स्पिरिट ने भुगता अंजाम
अब लंदन स्पिरिट के सामने विशालकाय पहाड़ चढ़ने जैसा लक्ष्य था. 100 गेंदों में 242 रन, जिसका पीछा करने की कोशिश उसने की तो जरूर, मगर वो कोशिश नाकाम इस वजह से हुई क्योंकि उसमें उसके टॉप ऑर्डर का पूरा साथ नहीं मिला. लंदन स्पिरिट ने 60 रन के अंदर ही अपने 5 विकेट खो दिए थे. 26 गेंदों पर उसका स्कोर 5 विकेट पर 56 रन था.
लंदन स्पिरिट की इनिंग में थोड़ी आग तब दिखी जब डेविड विली बल्लेबाजी को आए. 7वें नंबर पर उतरकर वो 46 गेंदों में 83 रन बनाकर नाबाद रहे. विली लंदन स्पिरिट के स्कोर को 200 के पार तो ले गए मगर जीत के लक्ष्य के उस पार नहीं ले जा सकते. लंदन स्पिरिट ने 100 गेंदों में 6 विकेट पर 204 रन ही बनाए और 37 रन से मुकाबला हार गई.
31 छक्के और सबसे ज्यादा 445 रन
दोनों टीमों की ओर से लगे छक्कों में भी बड़ा फर्क रहा, जिसने मुकाबले का फैसला करने में अहम भूमिका निभाई. सनराइजर्स लीड्स की ओर से जहां 21 छक्के लगे वहीं लंदन स्पिरिट उनसे 11 कम यानी 10 ही छक्के जमा पाई. मतलब मैच में कुल 31 छक्के लगे. वहीं मैच में कुल 445 रन बने, जो कि सनराइजर्स लीड्स और लंदन स्पिरिट के बीच खेले मुकाबले में बने सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड है.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/mitchell-marsh-ryan-rickelton-sunrisers-leeds-vs-london-spirit-match-in-the-hundred-mens-video-3871540.html