
Will Jacks Catch The Hundred 2026: द हंड्रेड के 23वें मुकाबले में लंदन डर्बी का रोमांच अपने चरम पर रहा. एमआई लंदन ने काफी कड़े और करीबी मुकाबले में लंदन स्पिरिट को 4 विकेट से हराकर पॉइंट्स टेबल में दूसरा स्थान हासिल कर लिया है. इस हार के साथ ही लंदन स्पिरिट इस सीजन के नॉकआउट की रेस से बाहर होने वाली पहली टीम बन गई. इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए लंदन स्पिरिट की टीम ने 100 गेंदों में 5 विकेट पर 160 रन बनाए थे, जिसके जवाब में एमआई लंदन ने 6 विकेट खोकर 164 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया. मैच में MI लंदन की जीत के अलावा सबसे ज्यादा चर्चा विल जैक्स की ओर से बाउंड्री लाइन पर लपके गए एक कैच की हो रही है, जिसे टूर्नामेंट का बेस्ट कैच माना जा रहा है.
विल जैक्स का जादुई बाउंड्री कैच
इस मैच का सबसे रोमांचक और अविश्वसनीय पल पहली पारी के दौरान देखने को मिला, जब लंदन स्पिरिट के बल्लेबाज लुआन ड्रे प्रिटोरियस अर्धशतक बनाकर खतरनाक नजर आ रहे थे. लेकिन विल जैक्स की फुर्ती के चलते उनकी तूफानी पारी का अंत हो गया. दरअसल, पारी की 49वीं गेंद पर प्रिटोरियस ने बाउंड्री की तरफ एक जोरदा शॉट खेला. तभी लॉन्ग-ऑफ पर मौजूद विल जैक्स ने कैच तो पकड़ा, लेकिन उनका संतुलन बाउंड्री रोप के बाहर बिगड़ने लगा. ऐसे में जैक्स ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए गेंद को हवा में ऊपर उछाल दिया.
लेकिन गेंद थोड़ी आगे गिर रही थी, फिर बाउंड्री लाइन के अंदर लौटते ही जैक्स ने फुल-लेंथ डाइव लगाते हुए जमीन से कुछ ही इंच ऊपर एक हाथ से हैरतअंगेज कैच लपक लिया. इस अविश्वसनीय फील्डिंग को देखकर मैदान में मौजूद फैंस और कमेंटेटर्स भी दंग रह गए. इस कैच का वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.
View this post on Instagram
MI की जीत के हीरो रहे सिकंदर रजा
इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए लंदन स्पिरिट ने प्रिटोरियस के 52 रन, डेविड विली के 31 रन और कोल्स के नाबाद 30 रन की बदौलत 5 विकेट पर 160 रन बनाए. 161 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी MI लंदन की टीम को निकोलस पूरन ने सबसे ज्यादा 39 रन, सैम करन ने 33 रन और सिकंदर रजा ने 32 रन की ताबड़तोड़ पारियों की मदद से 4 विकेट रहते जीत हासिल हो गई. राशिद खान की जगह टीम में शामिल किए गए जिम्बाब्वे के ऑलराउंडर सिकंदर रजा ने गेंद से भी शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने 20 गेंदों पर सिर्फ 15 रन ही खर्च किए. जिसके चलते लंदन स्पिरिट की टीम बड़े स्कोर तक नहीं पहुंच सकी और फिर रन चेज में उनकी ओर से जड़े गए 4 छक्के अहम साबित हुए.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/the-hundred-2026-will-jacks-boundary-catch-viral-video-mi-london-vs-london-spirit-3873491.html