
Women’s Asia Cup 2026 के 10वें एडिशन का आगाज हो रहा है. ये पहली बार है जब ये टर्नामेंट दुबई में खेला जा रहा है. 28 अगस्त से 13 सितंबर के बीच खेले जाने वाले टूर्नामेंट में कुल 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं. टूर्नामेंट में कुल 15 मैच होंगे, जिसमें 12 ग्रुप स्टेज के मुकाबले, 2 सेमीफाइनल और 1 फाइनल होगा. 8 सितंबर तक ग्रुप स्टेज के मुकाबले चलेंगे, जबकि 10 और 11 सितंबर को सेमीफाइनल खेले जाएंगे. वहीं 13 सितंबर को महिलाओं के एशिया कप 2026 का फाइनल होगा.
अब सवाल है कि टूर्नामेंट में टीम इंडिया का शेड्यूल क्या है? पाकिस्तान से उसका मुकाबला कब है? आइए इन सारे सवालों के जवाब समेत टूर्नामेंट से जुड़ी 5 बड़ी बातों पर भी नजर डालते हैं.
Women’s Asia Cup 2026 में कितनी टीम हैं और कौन-किस ग्रुप में है?
महिलाओं के एशिया कप 2026 में हिस्सा ले रही 8 टीमों को दो ग्रुप- A और B- में बांटा गया है. ग्रुप A में भारत-पाकिस्तान के अलावा हॉन्ग कॉन्ग और थाईलैंड है. वहीं ग्रुप B में बांग्लादेश, श्रीलंका, UAE और इंडोनेशिया है. दोनों ग्रुप से टॉप की 2 टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करेगी.
एशिया कप में टीम इंडिया का शेड्यूल क्या है?
Women’s Asia Cup 2026 का आगाज 28 अगस्त को थाईलैंड और हॉन्ग कॉन्ग के बीच मैच से हो रहा है. लेकिन इसमें टीम इंडिया अपने अभियान का आगाज 30 अगस्त को करेगी. टीम इंडिया का पहला मैच थाईलैंड से है. उसके बाद अपने दूसरे मैच में वो 3 सितंबर को हॉन्ग कॉन्ग से भिड़ेगी. भारत का तीसरा मैच अपने चिर प्रतिद्वन्दी पाकिस्तान से है. ये मुकाबला 5 सितंबर को खेला जाएगा.
कौन हैं Women’s T20 Asia Cup 2026 के पिछले विजेता?
टीम इंडिया ने महिलाओं के T20 एशिया कप में अपना दबदबा बनाए रखा है. भारत ने अब तक T20 फॉर्मेट में खेले 5 एडिशन में से 3 जीते हैं. वहीं बाकी के दो एडिशन में से एक बांग्लादेश ने 2018 में जीता था. जबकि 2024 में श्रीलंका चैंपियन बनी थी.
किस मैदान पर और कितने बजे से खेले जाएंगे Women’s Asia Cup के मुकाबले?
टूर्नामेंट का आयोजन UAE में किया जा रहा है लेकिन सभी 15 मुकाबले दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में आयोजित होंगे. वहीं सभी मैच भारतीय समय के अनुसार रात 8 बजे से शुरू होंगे.
Women’s Asia Cup के मुकाबले कहां देख सकते हैं?
विमेंस एशिया कप 2026 के मुकाबलों का टीवी पर सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनलों पर होगा. वहीं इसकी Online Streaming के लिए सोनी नेटवर्क के ही प्लेटफॉर्म Sony Liv की मदद ली जा सकती है.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/acc-womens-asia-cup-2026-to-begin-on-28th-august-check-team-india-schedule-ind-vs-pak-match-date-3891974.html