
शुभमन गिल और केएल राहुल वैसे तो अभी वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज खेलने में मशगूल हैं. वहीं जसप्रीत बुमराह एशियन गेम्स के लिए जापान गए हैं. लेकिन उसके बाद वो रणजी ट्रॉफी में अपनी-अपनी टीमों के लिए खेलते दिख सकते हैं. गिल, राहुल और बुमराह के रणजी ट्रॉफी में खेलते दिखने की वजह बन सकता है BCCI का वो फरमान, जो उसने न्यूजीलैंड दौरे को ध्यान में रखकर जारी किया है.
BCCI का भारतीय सीनियर्स के लिए फरमान
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक न्यूजीलैंड दौरे से पहले हर सीनियर प्लेयर को कम से कम एक रेड बॉल मैच खेलना अनिवार्य होगा. BCCI के जारी इस आदेश के बाद शुभमन गिल और केएल राहुल अपनी-अपनी स्टेट टीम के साथ रणजी मैच खेलते दिख सकते हैं. 11 अक्टूबर से रणजी ट्रॉफी मुकाबले की शुरुआत हो रही है, जहां शुभमन गिल पंजाब से खेलते दिख सकते हैं. वहीं केएल राहुल कर्नाटक की टीम में नजर आ सकते हैं. इनके अलावा जसप्रीत बुमराह न्यूजीलैंड दौरे से पहले या तो रणजी मैच खेलेंगे या इंडिया ए के लिए एक रेड बॉल मैच खेलेंगे.
‘मुकाबला खेलना ही होगा, कोई समझौता नहीं’
BCCI के अधिकारी के हवाले से टाइम्स ऑफ इंडिया ने लिखा कि कोई सीनियर प्लेयर कितने रेड बॉल मैच खेलेगा ये मेडिकल टीम की दी क्लीयरेंस और उस खिलाड़ी के वर्कलोड पर निर्भर करेगा. कुछ खिलाड़ी दो फॉर्मेट में खेल रहे हैं. ऐसे में उनके रेड बॉल मैच खेलने पर फैसला किया गया है, जिससे किसी तरह का कोई समझौता नहीं होगा. अगर मेडिकली या वर्कलोड से संबंधित चिंता जैसी कोई बात नहीं होती है तो हरेक सीनियर प्लेयर को जिसमें कप्तान गिल भी शामिल हैं उन्हें कम से कम एक रेड बॉल मैच खेलना होगा.
सीनियर प्लेयर्स के लिए रणजी में खेलना जरूरी क्यों?
BCCI के इस फरमान का मकसद न्यूजीलैंड के खिलाफ तैयारियों से जुड़ा है. भारत के न्यूजीलैंड दौरे की शुरुआत 22 अक्टूबर से हो रही है. लेकिन, इस दौरे पर टीम इंडिया 19 नवंबर से 2 टेस्ट की सीरीज खेलेगी. बगैर रेड बॉल मैच की प्रैक्टिस के उस सीरीज में उतरने का खामियाजा BCCI नहीं भुगतना चाहती, यही वजह है कि उसने कम से कम एक मैच खेलना सभी सीनियर प्लेयर्स के लिए अनिवार्य रखा है.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/shubman-gill-kl-rahul-jasprit-bumrah-told-to-play-ranji-trophy-before-new-zealand-test-series-bcci-orders-3920859.html