
क्रिकेट में खराब रोशनी, गीले आउटफील्ड या फिर बारिश के चलते तो मैच में बाधा अक्सर पैदा होती है. लेकिन, किसी खिलाड़ी को टॉयलेट आ जाए, वो भी खासकर बल्लेबाज को, और उसके चलते मैच रुके ऐसा कभी-कभार ही होता दिखता है. CPL 2026 में खेला 24वां मैच वैसी ही एक घटना का गवाह बना. इस मुकाबले में ट्रिनबागो नाइट राइडर्स के काइरन पोलार्ड को अपनी इनिंग के दौरान टॉयलेट आ गया. नतीजा ये हुआ कि उन्हें एंटीगा एंड बारबुडा फाल्कंस के खिलाफ बल्लेबाजी बीच में ही छोड़कर ड्रेसिंग रूम की तरफ भागना पड़ा.
पोलार्ड को टॉयलेट आने वाली घटना कब की है?
मुकाबले में पोलार्ड को टॉयलेट आने वाली घटना तब घटी जब ट्रिनबागो नाइट राइडर्स की इनिंग का 15वां ओवर खत्म हुआ. मतलब ये कि उन्हें इसी ओवर में बल्लेबाजी के दौरान टॉयलेट आया होगा और जब ओवर खत्म हुआ तो वो सीधे ड्रेसिंग रुम की तरफ दौड़ पड़े.
पोलार्ड के चलते रुका मैच
पोलार्ड के ऐसा करने से मैच कुछ वक्त के लिए रुक गया, जिससे एंटीगा एंड बारबुडा फाल्कंस के कप्तान मोइन अली बिल्कुल भी खुश नहीं दिखे. वो इसे लेकर ऑनफील्ड अंपायर से बातें करते भी नजर आए.
पोलार्ड जब वापस मैदान पर लौटे तो एंटीगा एंड बारबुडा फाल्कंस के विकेटकीपर अमित जांगू को स्माइल के साथ उनकी तरफ बढ़ते देखा गया. जांगू ने पोलार्ड से उस दौरान कुछ कहा भी.
मैच में पोलार्ड का प्रदर्शन
बल्लेबाजी के दौरान पोलार्ड को जब टॉयलेट आया, वो 37 रन बनाकर खेल रहे थे. टॉयलेट के बाद जब वो लौटे तो अपनी इनिंग में 4 रन ही और जोड़ सके और 41 रन बनाकर आउट हो गए. उन्होंने ये रन 36 गेंदों पर 3 चौके और 2 छक्के की मदद से बनाए. काइरन पोलार्ड ने छठे विकेट के लिए जोशुआ डा सिल्वा के साथ 42 गेंदों पर 55 रन की पार्टनरशिप की.
काइरन पोलार्ड T20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. उन्होंने अब तक खेले 751 T20 में 14971 रन बनाए हैं.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/kieron-pollard-has-sprinted-off-the-field-straight-to-the-dressing-room-for-toilet-break-during-batting-in-cpl-2026-3896898.html