
T20 क्रिकेट में रन बरसते हैं. लेकिन, कभी-कभार कुछ मुकाबले ऐसे भी होते हैं, जहां रनों के बरसने की जगह विकेटों की पतझड़ देखने को मिलती है. कैरेबियन प्रीमियर लीग 2026 के 35वें मैच में भी नजारा ऐसा ही दिखा. इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी गयाना अमेजन वॉरियर्स की टीम मौजूदा सीजन के दूसरे सबसे लोएस्ट स्कोर पर ऑलआउट हो गई. बल्लेबाजी का हाल इतना बुरा रहा कि गयाना अमेजन वॉरियर्स के 5 खिलाड़ियों के लिए तो खाता खोलना भी दुभर हो गया.
CPL 2026 का दूसरा सबसे कम स्कोर
अब सवाल है कि गयाना अमेजन वॉरियर्स की टीम कितने कम स्कोर पर ऑलआउट हुई? बारबाडोस ट्राइडेंट्स की कहर बरसती गेंदबाजी के आगे गयाना के बल्लेबाज पूरे 20 ओवर नहीं खेल पाए. यहां तक कि उनसे 100 रन भी नहीं बने. पूरी टीम 18.1 ओवर में 99 रन पर ढेर हो गई, जो कि इस सीजन में किसी टीम का दूसरा सबसे कम स्कोर है. इससे पहले ये रिकॉर्ड सेंट लुसिया किंग्स टीम के नाम था.
CPL 2026 में पहला मैच खेल रहे गेंदबाज का कहर
बारबाडोस ट्राइडेंट्स की ओर से सीजन का अपना पहला मैच खेल रहे गेंदबाज ने जमकर कहर बरपाया. 3 साल पहले डेब्यू करने के बाद भी उसने अपने CPL करियर का पहला विकेट मौजूदा सीजन में लिया, जो कि उसके ओवरऑल T20 करियर का भी पहला विकेट रहा. हम बात कर हैं 23 साल के तेज गेंदबाज जॉन लेन की, जिनका पहला शिकार मेहदी हसन मिराज बने . जॉन लेन का कहर ऐसा बरपा कि उन्होंने सिर्फ 2 ओवर गेंदबाजी की और 14 रन देकर कुल 3 विकेट झटके. उन्होंने बाकी 2 विकेट क्विंटन सिम्पसन और रोनाल्डो अलीमोहम्मद के लिए.
गजनफर और लिंडे का भी गेंद से कहर
जॉन लेन को अल्लाह गजनफर और जॉर्ज लिंडे का भी पूरा साथ मिला. गजनफर ने 4 ओवर में 17 रन देकर 3 विकेट लिए. वहीं जॉर्ज लिंडे ने 4 ओवर में 13 रन दिए और 2 विकेट लिए. मतलब बारबाडोस ट्राइ़डेंट्स के 3 गेंदबाजों ने मिलकर गयाना अमेजन वॉरियर्स के कुल 8 विकेट झटके. इसके अलावा शरफेन रदरफोर्ड को 1 विकेट मिला. जबकि एक बल्लेबाज रन आउट हुआ.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/guyana-amazon-warriors-all-out-on-99-second-lowest-total-in-cpl-2026-3906265.html