
Asian Games 2026, PAK vs BAN: पाकिस्तान की मेंस क्रिकेट टीम पहली बार एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल मैच खेलने के लिए तैयार है. इस टीम ने एशियन गेम्स 2026 में मेंस क्रिकेट के पहले सेमीफाइनल में बांग्लादेश को हरा दिया है. पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 6 विकेट से हराते हुए फाइनल में अपनी जगह पक्की की, जहां वो अब गोल्ड मेडल के लिए फाइट करेगी. गीले आउटफील्ड की वजह से पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच पहला सेमीफाइनल 13-13 ओवर का खेला गया था.
बांग्लादेश ने पाकिस्तान को दिया था 112 का लक्ष्य
बांग्लादेश ने पाकिस्तान के सामने 13 ओवर में 112 रन बनाने का लक्ष्य रखा था. इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही थी. पाकिस्तान ने अपना पहला विकेट 6 रन और दूसरा विकेट 16 रन के स्कोर पर गंवा दिया. ये दोनों विकेट उसके दोनों ओपनर- कप्तान साहिबजादा फरहान और माज सदाकत- के रहे. इसके बाद 40 रन की दहलीज लांघने से पहले ही पाकिस्तान को तीसरा झटका भी लग गया, जिसके बाद मैच में और रोमांच पैदा हो गया.
हसन और समद ने पाकिस्तान को जिताया
पहले 4 ओवर में 3 बड़े विकेट गंवाने वाले पाकिस्तान को 7वें ओवर की पहली गेंद पर ही चौथा झटका लग गया. उस्मान खान 14 रन बनाकर आउट हुए. इस वक्त तक बांग्लादेश की उम्मीदें जिंदा थी. लेकिन उसके बाद जो हसन नवाज और अब्दुल समद ने मिलकर किया, उसने मैच का नक्शा ही पलट दिया.
हसन और समद के बीच 5वें विकेट के लिए 59 रन की नाबाद साझेदारी हुई, जिसनें पाकिस्तान की जीत 9 गेंद पहले ही सुनिश्चित कर दी. पाकिस्तान ने 112 रन के लक्ष्य को 11.3 ओवर में ही 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया और पहली बार एशियन गेम्स के मेंस क्रिकेट में गोल्ड मेडल मैच खेलने का लाइसेंस प्राप्त किया.
बांग्लादेश ने बनाए थे 111 रन
इससे पहले बांग्लादेश को पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतारा था, जिसने 13 ओवर में 7 विकेट पर 111 रन बनाए थे. बांग्लादेश की ओर से सबसे ज्यादा 42 रन तौहीद ह्दय ने बनाए. पाकिस्तान की ओर से सोफियान मोकीम सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 ओवप में 26 रन देकर बांग्लादेश के 3 विकेट लिए.
पाकिस्तान पहली बार खेलेगा गोल्ड मेडल मैच
पाकिस्तान की मेंस टीम पहली बार एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल मैच खेलती दिखेगी. 2010 के एशियन गेम्स में उसने ब्रॉन्ज मेडल मैच खेला था और जीता था. 2014 के एशियन गेम्स में पाकिस्तान की मेंस टीम ने हिस्सा नहीं लिया था. 2023 एशियन गेम्स में भी ब्रॉन्ज मेडल मैच खेला था, जिसमें उसे हार का सामना करना पड़ा था.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/pak-vs-ban-asian-games-pakistan-are-into-their-first-ever-gold-medal-match-beat-bangladesh-in-men-s-cricket-semifinal-3922041.html