
आने वाले कुछ दिनों में भारतीय टीम का न्यूजीलैंड दौरा शुरू हो जाएगा. इस दौरे पर टीम इंडिया टी20, वनडे और टेस्ट सीरीज खेलेगी. इस दौरे के लिए टी20 टीम का ऐलान हो गया है और जल्द ही वनडे-टेस्ट स्क्वॉड भी सामने आ जाएंगे. इसमें वनडे स्क्वॉड पर नजरें टिकी हुई हैं क्योंकि माना जा रहा है कि इस सीरीज के लिए 2 स्क्वॉड चुने जा सकते हैं. यही वजह है कि इस बार कुछ ऐसे खिलाड़ियों को भी मौका मिल सकता है, जो टीम का हिस्सा नहीं हैं. अब इस दौरे के लिए अगर रजत पाटीदार का सेलेक्शन होता है तो हैरानी नहीं होनी चाहिए. वजह आपको बताते हैं.
असल में 22 अक्टूबर से नवंबर के अंत तक भारतीय टीम न्यूजीलैंड में रहेगी. इस दौरे की शुरुआत टी20 सीरीज से होगी, जिसमें 5 मैच खेले जाएंगे. फिर 4 नवंबर से 5 वनडे मैच की सीरीज का आगाज होगा. इसके तुरंत बाद 19 नवंबर से 2 टेस्ट मैच की सीरीज का आगाज होगा. अब वनडे और टेस्ट सीरीज के बीच में बहुत कम अंतराल है. ऐसे में सेलेक्शन कमेटी आखिरी 2 वनडे के लिए अलग से कुछ खिलाड़ी चुनेगी, ताकि टेस्ट टीम के खिलाड़ी तैयारी कर सकें.
पाटीदार ने दमदार बैटिंग से ठोका दावा
एक हालिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि ‘दूसरे’ स्क्वॉड के लिए सेलेक्शन कमेटी की नजर इंडिया ए पर है, जो ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ वनडे सीरीज खेल रही है. इस सीरीज में इंडिया ए अभी तक दोनों मैच हारी है और इसकी वजह खराब बल्लेबाजी रही है. मगर इन दोनों मुकाबलों में रजत पाटीदार ने अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवाया है. उन्होंने दोनों मैच में 51 और 67 रन की जुझारू पारियां खेलीं और टीम के टॉप स्कोरर रहे. उनके अलावा कोई अन्य बल्लेबाज अपना दम नहीं दिखा पाया.
अब अगर वाकई में सेलेक्शन के लिए इंडिया ए के मुकाबलों को आधार बनाया जाएगा तो पाटीदार ने अपनी दावेदारी को मजबूती दी है. पहले ही लगातार दो IPL सीजन में उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को अपनी कप्तानी में खिताब जिताए हैं और इस दौरान खुद भी धमाकेदार बल्लेबाजी की है. उन्हें टी20 टीम में शामिल किए जाने की मांग होती रही है. ये मांग तो पूरी नहीं हुई है लेकिन वनडे टीम में इस बार उन्हें मौका मिल सकता है.
टीम इंडिया में 3 साल बाद होगी वापसी?
पाटीदार इससे पहले भारतीय टीम के लिए वनडे क्रिकेट में डेब्यू कर चुके हैं. उन्होंने 2023 में साउथ अफ्रीका दौरे पर एक वनडे मैच खेला था, जिसमें ओपनिंग करते हुए 22 रन बनाए थे. मगर इसके बाद से ही उन्हें दोबारा मौका नहीं मिला. वहीं इंग्लैंड के खिलाफ 2024 में उन्हें 3 टेस्ट मैच में मौका मिला था लेकिन वो उन मौकों को भुना नहीं सके. हालांकि, इस बार मध्य प्रदेश के स्टार बल्लेबाज के लिए एक नया मौका बनता हुआ दिख रहा है और अगर ऐसा होता है तो वो इसके हकदार भी होंगे.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/rajat-patidar-back-to-back-fifty-india-a-vs-australia-a-team-india-odi-selection-new-zealand-series-3930819.html