भारतीय महिला टीम ने तीन मैचों की श्रृंखला के पहले एकदिवसीय में शुक्रवार को यहां श्रीलंका को चार विकेट से शिकस्त दी। मिताली राज के संन्यास लेने के बाद हरमनप्रीत कौर का वनडे में बतौर कप्तान पहला मैच था। उन्होंने इस मैच में गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय टीम ने जीत के लिए मिले 172 रन के लक्ष्य को 38 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। भारत के लिए कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 44, सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने 35 और हरलीन देओल ने 34 रन का योगदान दिया। साल 2018 के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम को श्रीलंका के खिलाफ वनडे में जीत मिली है।
इससे पहले तेज गेंदबाज रेणुका सिंह और स्पिनर दीप्ति शर्मा की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से भारतीय महिला टीम ने तीन मैचों की श्रृंखला के पहले एकदिवसीय में शुक्रवार श्रीलंका की टीम को 48.2 ओवर में 171 रन पर आउट कर दिया। दीप्ति और रेणुका ने तीन-तीन विकेट झटके जबकि पूजा वस्त्राकर ने दो और कप्तान हरमनप्रीत कौर तथा अनुभवी स्पिनर राजेश्वरी गायकवाड़ ने एक-एक विकेट चटकाए।
श्रीलंका के लिए निलाक्षी डी सिल्वा ने सबसे ज्यादा 43 जबकि हसिनी परेरा ने 37 रन बनाए। टॉस गंवाने के बाद क्षेत्ररक्षण का न्योता मिलने के बाद रेणुका ने तीसरे ओवर में ही विरोधी टीम की कप्तान चामरी अट्टापट्टू (दो रन) को सस्ते में पवेलियन की रास्ता दिखाकर भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई।
दीप्ति ने इसके बाद हंसिमा करुणारत्ने को खाता खोले बगैर चलता किया। सलामी बल्लेबाज हसिनी और हर्षिता मडावी (28) ने तीसरे विकेट के लिए 34 रन की साझेदारी कर टीम की वापसी करने की कोशिश की। दीप्ति ने 54 गेंद की पारी में पांच चौके लगाने वाली हसिनी को आउट किया जिसके बाद हरमनप्रीत ने कविशा दिलहारी को खाता खोलने का मौका नहीं दिया।
पारी के 19वें ओवर में 65 रन पर आधी टीम के पवेलियन लौटने के बाद श्रीलंका की टीम मुश्किल में थी लेकिन नीलाक्षी ने एक छोर संभालते हुए स्कोर को 140 के पार पहुंचाया। उन्हें विकेटकीपर अनुष्का संजीवनी (18) का अच्छा साथ मिला और दोनों ने छठे विकेट के लिए 47 जोड़े। टीम की पुछल्ले बल्लेबाजों ने इसके बाद संघर्ष कर स्कोर को 170 रन के पार पहुंचाया।
https://ift.tt/pAUkV7S Buy Cricket Accessories Online From Gawin Sports, Jalandhar Punjab M- 7696890000