
नई दिल्ली.एमएस धोनी को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है और उन्हें फिट होने में अभी करीब 2 महीने का समय लगेगा. दरअसल 5वीं बार आईपीएल चैंपियन बनने के तुरंत बाद धोनी के घुटने की सर्जरी की हुई. वो पूरे टूर्नामेंट घुटने के दर्द से परेशान नजर आए थे. धोनी नी कैप पहनकर मैदान पर उतरे और चेन्नई सुपर किंग्स को चैंपियन बनाया. फाइनल में चेन्नई ने गुजरात को हरा दिया था. जिसके बाद जहां पूरी टीम जीत का जश्न मना रही थी, वहीं दूसरी तरफ धोनी अपने परिवार के साथ मुंबई पहुंचे. जहां उनके घुटने की सर्जरी हुई.
धोनी का ऑपरेशन सफल रहा. उन्हें लेकर पहले ऐसी खबर आई थी कि सर्जरी के बाद उन्हें दो दिन तक अस्पताल में रहना पड़ेगा, मगर अब खबर आ रही है कि बीते दिन देर शाम ही उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया. क्रिकबज के अनुसार धोनी को हॉस्पिटल से छुट्टी मिल गई है. चेन्नई के सीईओकाशी विश्वनाथ ने खुलासा किया कि सर्जरी होने के बाद बीते दिन सुबह उनकी धोनी से बात हुई थी और वो ठीक लग रहे थे.
2 महीने में फिट धोनी
मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में धोनी का ऑपरेशन डॉ डिनशॉ परदीवाला ने किया, जिन्होंने ऋषभ पंत का भी इसी समस्या का ऑपरेशन किया था. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार धोनी करीब 2 महीने में पूरी तरह से फिट हो जाएंगे. वो फिर से दौड़ने लगेंगे. इसी सप्ताह के शुरुआत में धोनी की कप्तानी में चेन्नई ने आईपीएल का खिताब जीता था.
फैंस की चाहत करेंगे पूरी
चैंपियन बनने के बाद धोनी ने अपने फैंस से वादा किया था कि वो अगले साल वापस आएंगे और उनके लिए एक और सीजन खेलेंगे, मगर धोनी की फिटनेस को देखते हुए उनकी वापसी मुश्किल नजर आ रही थी. अब धोनी फैंस की चाहत को पूरी कर सकते हैं. उन्होंने अपने घुटने की समस्या से छुटकारा पाने के लिए जरा भी देर नहीं की. उनके पास वापसी के लिए अभी काफी समय भी है. ऐसे में फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि वो एक और सीजन धोनी को देख सकते हैं.
खबर अपडेट हो रही है…
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/ms-dhoni-discharged-from-hospital-after-knee-surgery-1896202.html