
Sunrisers Hyderabad: आईपीएल 2026 के शुरुआती मैचों में पैट कमिंस के नहीं खेलने की खबर है. ऐसे में सवाल है कि सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी करेगा कौन? इसके लिए अभिषेक शर्मा और ईशान किशन के नामों के बीच होड़ दिखी. मगर अब कई रिपोर्ट्स के मुताबिक कप्तानी की इस रेस में ईशान किशन आगे निकल गए हैं. ऐसा कहा जा रहा है कि पैट कमिंस की गैर-मौजूदगी में ईशान किशन सनराइजर्स हैदराबाद की कमान IPL 2026 में संभाल सकते हैं.
अभिषेक से ज्यादा ईशान पर भरोसा क्यों?
अब बिना आग के तो धुआं उठता नहीं है. ऐसे में अगर ईशान किशन के कप्तान बनाए जाने की कवायद तेज हुई है तो जाहिर है कि वो बगैर काव्या मारन और SRH टीम मैनेजमेंट के जताए उन पर भरोसे के संभव नहीं हो सकता. तो ऐसा क्या हुआ कि काव्या मारन को कप्तानी के मामले में अभिषेक शर्मा से ज्यादा ईशान किशन पर भरोसा रहा होगा? इसके पीछे की वजह शहबाज नदीम के ईशान की कप्तानी पर कही बात से समझ आती है.
ईशान में कप्तानी के सारे गुण- शहबाज नदीम
शहबाज नदीम ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में ईशान किशन को लेकर कहा कि उसके लिए कप्तानी कोई नई चीज नहीं. उसने कई मौकों पर कप्तानी की. ईशान ने अंडर 19 वर्ल्ड कप में कप्तानी की है. उसने झारखंड की टीम को लीड किया है. ऐसे में सनराइजर्स हैदराबाद अगर उसे कप्तान बनाने की सोच रही है तो ये एक बेहतर फैसला होगा. उसमें एक लीडर वाली सारी बातें हैं.
शहबाज नदीम, जो कि अब झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन के जॉइंट सेक्रेटरी हैं, ने कहा कि कप्तानी एक ऐसी चीज है जो आपके अंदर होती है. लीडर पैदा होते हैं. आप उन्हें बना नहीं सकते. शहबाज ने कहा कि ईशान की कप्तानी को उन्होंने काफी करीब से देखा है. जिस तरह से उसने पिछले दो साल में झारखंड की टीम को लीड किया है, वो काबिलेतारीफ है. वो झारखंड की टीम के कॉन्फिडेंस का लेवल हाई किया है. उसने टीम के युवा खिलाड़ियों की राह आसान बनाई है. उसने उन्हें खुलकर खेलने की आजादी दी है. शहबाज नदीम के मुताबिक ईशान कभी ये फील नहीं होने देता कि वो कप्तान है. वो एक टीममेट की तरह बाकी खिलाड़ियों से पेश आता है.
कप्तान विकेटकीपर भी हुआ तो टीम के लिए फायदेमंद
ईशान किशन में कप्तानी के गुण तो हैं ही, उसके अलावा वो विकेटकीपर भी हैं, जिसे सबसे अच्छे से पता होता है कि गेम कैसा चल रहा है. पिच कैसा खेल रही है और फील्डिंग में किसे कहां खड़ा होना चाहिए. शहबाज नदीम ने कहा कि बल्लेबाजी में आप बस प्लान के मुताबिक चलते हैं. लेकिन, कप्तानी का असली इम्तिहान फील्डिंग के दौरान होता है. अगर कप्तान विकेटकीपर है तो वो किसी भी टीम के लिए फायदेमंद साबित होता है.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/ipl-2026-why-kavya-maran-more-faith-on-ishan-kishan-than-abhishek-sharma-as-sunrisers-hyderabad-captain-3721594.html