Ads Area

IPL 2026: कूपर कॉनोली ने श्रेयस अय्यर को मारी गेंद, गिरकर तड़पने लगे पंजाब के कप्तान, फिर हुआ ये हाल

IPL 2026: कूपर कॉनोली ने श्रेयस अय्यर को मारी गेंद, गिरकर तड़पने लगे पंजाब के कप्तान, फिर हुआ ये हाल

क्रिकेट मैच के दौरान खिलाड़ियों का चोटिल होना कोई बड़ी या नई बात नहीं है. कभी फील्डिंग के दौरान चोट लगती है तो कभी गेंदबाज अपने रन-अप में फिसल जाता है. कभी-कभी कोई बाउंसर ही बल्लेबाज को चोटिल कर देती है. मगर ऐसा कभी-कभार ही दिखता है, जब कोई खिलाड़ी अपने ही साथी को चोटिल कर दे, वो भी बैटिंग करते हुए. आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ कुछ ऐसा ही हुआ, जब उनके ही टीममेट कूपर कॉनोली ने एक जोरदार शॉट जमाया, जो अय्यर पर लगा और वो दर्द से तड़प उठे.

गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुल्लांपुर में खेले गए मुकाबले में ये नजारा देखने को मिला. गुजरात से मिले 163 रन के लक्ष्य के जवाब में पंजाब ने 83 रन पर 2 विकेट गंवा दिए थे. ऐसे वक्त पर पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर क्रीज पर आए, जबकि दूसरी ओर से युवा ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज कूपर कॉनोली तेजी से रन बटोर रहे थे. कॉनोली का ये IPL में डेब्यू मैच ही था. दोनों के बीच एक अच्छी साझेदारी बन रही थी, जब ये हादसा हुआ.

कॉनोली के शॉट से अय्यर चोटिल

पारी के 12वें ओवर में गुजरात के स्पिनर राशिद खान की 5वीं गेंद पर बाएं हाथ के बल्लेबाज कॉनोली ने एक बेहद तेज और सीधा शॉट जमाया. गेंद हवा में थी और इतनी तेजी से निकली कि नॉन-स्ट्राइक पर खड़े पंजाब के कप्तान अय्यर को संभलने का मौका नहीं मिला और सीधे उनके बाएं हाथ पर जोर से लग गई. गेंद का इम्पैक्ट इतना तेज था कि अय्यर दर्द से चीख पड़े और मैदान पर गिर गए. ऐसे में मैच तुरंत रुक गया और मेडिकल टीम ने आकर जांच की. आखिरकार दर्द दूर करने के लिए उनके हाथ में ‘मैजिक स्प्रे’ लगाया गया, जिसके चलते 5-6 मिनट बाद खेल दोबारा शुरू हुआ.

अगली गेंद पर हो गए आउट

अय्यर ठीक होकर खेलने के लिए तैयार तो हो गए लेकिन अगले ओवर की पहली ही गेंद पर उनकी बैटिंग आई, वो आउट हो गए. अब इस चोट का असर था या कोई दूसरी वजह थी लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर अय्यर का शॉट लॉन्ग ऑफ बाउंड्री पार नहीं कर पाया और वो आउट होकर पवेलियन लौट गए. अय्यर ने 11 गेंदों में 18 रन बनाए, जिसमें 2 बेहतरीन छक्के शामिल थे.



source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/ipl-2026-shreyas-iyer-injured-after-cooper-connolly-shot-hits-his-hand-pbks-vs-gt-match-3736853.html

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad