Ads Area

CSK vs PBKS IPL 2026: चेपॉक में होगी ‘किंग्स’ की टक्कर, चेन्नई खत्म कर पाएगी 2 साल का इंतजार?

CSK vs PBKS IPL 2026: चेपॉक में होगी ‘किंग्स’ की टक्कर, चेन्नई खत्म कर पाएगी 2 साल का इंतजार?

आईपीएल 2026 के सातवें मैच में आज चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का सामना पंजाब किंग्स (PBKS) से होगा. ये मुकाबला चेन्नई के होम ग्राउंड एमए चिदंबरम स्टेडियम में होगा, जो टीम के लिए सालों से एक मजबूत गढ़ रहा है. हालांकि पिछले दो सीजन में टीम को घर में काफी हार का सामना करना पड़ा है और पंजाब के खिलाफ शुक्रवार को होने वाले मैच में भी उसे कड़ी चुनौती मिलने वाली है. ऐसे में अपने घर में और इस सीजन की पहली जीत हासिल करने के लिए पूरी टीम को दमदार ऑलराउंडर प्रदर्शन करना होगा.

पिछले सीजन में अंतिम स्थान पर रहने वाली चेन्नई सुपर किंग्स के लिए इस सीजन की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी. राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पहले मैच ही में उसे करारी हार का सामना करना पड़ा. पूरी टीम तब राजस्थान की गेंदबाजी के आगे सिर्फ 127 रन पर ढेर हो गई थी और 13 ओवर के अंदर हार भी गई थी. अब कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और उनकी टीम को उस हार को भुलाकर नए सिरे से अपना अभियान शुरू करने की कोशिश करेगा.

ब्रेविस की होगी वापसी?

चेन्नई को एक बार फिर पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के बिना ही उतरना होगा, जो पिछले मैच के लिए गुवाहाटी तक नहीं गए थे. हालांकि पंजाब के खिलाफ डगआउट में वो मौजूद रहेंगे, जो टीम का हौसला बढ़ाने के साथ ही रणनीति बनाने में अहम साबित होगा. वहीं युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस के खेलने को लेकर भी अभी स्थिति साफ नहीं है. हालांकि वो मैच से पहले नेट्स में बैटिंग प्रैक्टिस करते हुए दिखे थे, जिससे उनके खेलने की उम्मीद बढ़ी है.

टीम को अपने बैटिंग ऑर्डर से अच्छे प्रदर्शन की दरकार रहेगी. खास तौर पर संजू सैमसन को खुद को साबित करना होगा, जो CSK के लिए अपने पहले मैच में नाकाम रहे थे. वहीं इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में आए सरफराज खान भी बेअसर ही रहे थे. टूर्नामेंट आगे बढ़ने के साथ-साथ कार्तिक शर्मा जैसे युवा खिलाड़ियों से और अधिक उम्मीदें की जाएंगी. बॉलिंग का हाल भी कुछ ऐसा ही रहा, जहां मैट हेनरी और नूर अहमद जैसे इंटरनेशनल क्रिकेटर्स 15 साल के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को नहीं रोक पाए थे. हालांकि खलील अहमद और अंशुल कम्बोज ने प्रभावित किया था.

2 साल से जीत का इंतजार

चेन्नई को सिर्फ अपना खाता ही नहीं खोलना है, बल्कि पंजाब के खिलाफ 2 साल से चले आ रहे जीत के इंतजार को खत्म करना होगा. असल में 2024 में दोनों टीमों के बीच 2 मैच खेले गए थे, जिसमें पहला मैच तो चेन्नई ने जीता था लेकिन दूसरा मैच पंजाब के हाथ लगा था. फिर 2025 सीजन में पंजाब ने ही दोनों मुकाबले जीते थे. ऐसे में चेन्नई के सामने लगातार 3 हार का सिलसिला तोड़ने की चुनौती है. जहां तक दोनों टीमों के रिकॉर्ड का सवाल है तो इनके बीच 32 मुकाबले खेले गए हैं और 16-16 मैच दोनों ने जीते हैं.

पंजाब किंग्स की बात करें तो टीम ने कड़े मुकाबले में गुजरात टाइटंस के खिलाफ जीत हासिल की थी. उसकी जीत के स्टार युवा ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज कूपर कॉनोली रहे थे, जिन्होंने रनचेज में नाबाद 70 रन की पारी खेलकर टीम का भरोसा जीता. पंजाब किंग्स की गेंदबाजी भी मजबूत नजर आ रही है. अनुभवी स्पिनर युजवेंद्र चहल ने टाइटंस के खिलाफ अपनी लाइन और गति में विविधता से प्रभावित किया, जबकि विजयकुमार वैशाक और मार्को यानसन ने भी गुजरात के बल्लेबाजों पर ब्रेक लगाए थे.

ऐसा है CSK और PBKS का स्क्वॉड

CSK: रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), डेवाल्ड ब्रेविस, एमएस धोनी, उर्विल पटेल, संजू सैमसन, शिवम दुबे, रामकृष्ण घोष, श्रेयस गोपाल, जेमी ओवरटन, खलील अहमद, अंशुल कंबोज, गुरजापनीत सिंह, मुकेश चौधरी, नूर अहमद, अकील होसेन, प्रशांत वीर, मैथ्यू शॉर्ट, अमन खान, मैट हेनरी, राहुल चाहर, जकारी फॉल्क्स, स्पेंसर जॉनसन, कार्तिक शर्मा, सरफराज खान, आयुष म्हात्रे.

PBKS: श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रियांश आर्य, हरनूर सिंह, मिचेल ओवेन, विष्णु विनोद, नेहल वढेरा, अजमतुल्लाह उमरजई, मार्को यानसन, मार्कस स्टोइनिस, अर्शदीप सिंह, जेवियर बार्टलेट, युजवेंद्र चहल, लॉकी फर्ग्यूसन, हरप्रीत बराड़, विजयकुमार वैशाक, यश ठाकुर, कूपर कोनोली, बेन द्वारशुइस, मुशीर खान, प्रवीण दुबे, विशाल निशाद, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह, पाइला अविनाश, शशांक सिंह.



source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/csk-vs-pbks-7th-match-ipl-2026-chennai-super-kings-vs-punjab-kings-head-to-head-record-in-hindi-3739480.html

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad