
ऐसा कम ही होता है कि किसी मैच से पहले विराट कोहली की फिटनेस को लेकर सवाल उठ रहे हों, चिंता जताई जा रही हो, उनके खेलने को लेकर संदेह बना हुआ है. आईपीएल 2026 की शुरुआती कुछ मुकाबलों के बाद ये देखने को मिला है. मगर एक चीज जो हमेशा होती है, वो ये है कि कोहली खेलेंगे तो कौन से रिकॉर्ड टूटेंगे? ये सिलसिला मौजूदा सीजन में भी जारी है, जहां दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में कोहली कई रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं.
शनिवार 18 अप्रैल को ‘डबल हेडर’ के पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना दिल्ली कैपिटल्स से होगा. ये मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां वैसे ही कोहली ने इतने सारे रिकॉर्ड्स आईपीएल में बनाए हैं. दिल्ली के खिलाफ मुकाबले में वो इस रिकॉर्ड पर चार चांद लगा सकते हैं.
कोहली के निशाने पर ये रिकॉर्ड
विराट कोहली IPL में अपने 300 छक्के पूरे करने से सिर्फ एक शॉट दूर हैं. ऐसा करने वाले वो क्रिस गेल और रोहित शर्मा के बाद तीसरे बल्लेबाज बन जाएंगे. मगर खास बात ये नहीं है, बल्कि ये है कि एक छक्का लगाते ही वो एक टीम की ओर से टी20 में 300 छक्के जमाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे.
अगर कोहली इस मैच में 111 रन की पारी खेलते हैं तो वो IPL में 9000 रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज बन जाएंगे. इसके लिए कोहली को सिर्फ 111 रन चाहिए. फिलहाल RCB के स्टार बल्लेबाज के नाम 272 मुकाबलों में 8889 रन हैं. इतना ही नहीं, अगर वो इस मैच में किसी तरब 6 या उससे ज्यादा छक्के जमा देते हैं, तो एक मैदान पर 150 IPL छक्के जमाने वाले पहले बल्लेबाज बन जाएंगे.
इतना नहीं, अगर कोहली शतक से चूकते हैं तो निराश होने की जरूरत नहीं है. ऐसा इसलिए क्योंकि अगर RCB के स्टार ओपनर कम से कम 68 रन भी बना लेते हैं तो भारत में उनके 10000 टी20 रन पूरे हो जाएंगे. इस तरह एक ही देश में 10 हजार टी20 रन बनाने वाले वो दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे.
source https://www.tv9hindi.com/premium/virat-kohli-can-create-most-runs-and-six-in-india-records-in-rcb-vs-dc-match-in-ipl-2026-3756442.html