
IPL Points Table 2026 (Updated), After Lucknow Super Giants vs Royal Challengers Bengaluru Match: प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें भले ही लगभग खत्म हो चुकी हों लेकिन IPL 2026 में आखिरी स्थान पर बनी हुई टीमें दूसरों को नुकसान पहुंचा रही हैं. फिलहाल ये काम किया है लखनऊ सुपर जायंट्स ने, जिसे लगातार 6 मैच में हार के बाद एक बड़ी जीत मिली है. ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ ने अपने 10वें मुकाबले में मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 9 रन (DLS) से हरा दिया. इस हार ने पॉइंट्स टेबल में लखनऊ की स्थिति में तो बदलाव नहीं किया लेकिन प्लेऑफ की बची-खुची उम्मीदों को फिलहाल जिंदा रखा है.
लखनऊ के इकाना स्टेडियम में 7 मई को खेले गए मुकाबले में बारिश ने 2-3 बार दखल दी, जिसके चलते मैच को रोकना पड़ा था. मगर इसके बावजूद पूरे मैच से सिर्फ 2 ओवर ही कटे. इसमें लखनऊ ने पहले बैटिंग करते हुए मिचेल मार्श के यादगार शतक के दम पर 209 रन बनाए. इसके बाद डकवर्थ लुइस सिस्टम के तहत RCB को जीत के लिए 213 रन का लक्ष्य मिला. इसके जवाब में प्रिंस यादव की घातक गेंदबाजी के दम पर लखनऊ ने बेंगलुरु को 203 रन पर ही रोक दिया.
इस जीत के बाद लखनऊ को 2 पॉइंट मिल गए हैं और 10 मैच से उसके 6 पॉइंट हो गए हैं. इस मामले में उसने मुंबई इंडियंस की बराबरी कर ली है. मगर नेट रनरेट में मुंबई से पीछे होने के कारण लखनऊ की स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है और पंत की टीम अभी भी 10वें स्थान पर है. वहीं बेंगलुरु को इस सीजन में पहली बार लगातार 2 मैच में हार का सामना करना पड़ा है. इसके चलते टीम एक बार फिर पहले स्थान पर पहुंचने से चूक गई. 10 मैच में 12 पॉइंट के साथ वो तीसरे स्थान पर है. बाकी टीमों का हाल नीचे टेबल में देखा जा सकता है.
अब सवाल ये है कि शुक्रवार यानि 8 मई को होने वाले मुकाबले से टेबल पर क्या असर पड़ सकता है. नई दिल्ली में आज दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स का मैच है. दोनों टीम पॉइंट्स टेबल में बिल्कुल ऊपर-नीचे हैं. दिल्ली 8 पॉइंट के साथ 7वें और कोलकाता 7 पॉइंट के साथ 8वें स्थान पर है. अगर दिल्ली आज का मैच जीतती है तो उसके 10 पॉइंट हो जाएंगे लेकिन फिर भी वो 7वें स्थान पर रहेगी, क्योंकि उसका रन रेट चेन्नई की तुलना में बहुत खराब है. मगर कोलकाता ये मैच जीतती है तो उसके 9 पॉइंट हो जाएंगे और वो दिल्ली को पीछे छोड़कर 7वें स्थान पर आ जाएगी.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/ipl-points-table-2026-lucknow-super-giants-at-10th-position-after-defeating-royal-challengers-bengaluru-by-9-runs-all-teams-standings-3778112.html