
Manchester Super Giants vs Birmingham Phoenix: द हंड्रेड 2026 के 7वें मुकाबले में मैंचेस्टर सुपर जायंट्स ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए बर्मिंघम फिनिक्स को 87 रनों से करारी शिकस्त दी. ओल्ड ट्रैफर्ड ग्राउंड पर खेले गए इस मैच में मेजबान मैंचेस्टर की टीम पूरी तरह हावी नजर आई. इस धमाकेदार जीत के साथ मैंचेस्टर सुपर जायंट्स ने लगातार दूसरी जीत दर्ज करते हुए पॉइंट्स टेबल के टॉप पर अपनी जगह मजबूत कर ली है. इस जीत के हीरो दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज जॉस बटलर रहे.
जॉस बटलर की तूफानी पारी
इस मैच में बर्मिंघम फिनिक्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो उनके लिए गलत साबित हुआ. इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जॉस बटलर ने मैदान पर चौके-छक्कों की बरसात करते हुए सिर्फ 50 गेंदों में 90 रनों की आतिशी पारी खेली, जो इस मैदान पर द हंड्रेड के इतिहास का यह दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है. उनकी इस पारी में 7 चौके और 5 छक्के शामिल रहे, लेकिन वो शतक से 10 रन दूर रह गए.
जॉस बटलर भले ही शतक से चूक गए, लेकिन हेनरी क्लासेन और टॉम मूर्स की आक्रामक बल्लेबाजी ने टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचा दिया. टॉम मूर्स ने आखिरी ओवरों में सिर्फ 17 गेंदों पर नाबाद 39 रन बनाए, जिसमें 5 छक्के शामिल रहे. इसके दम पर मैंचेस्टर सुपर जायंट्स ने 100 गेंदों पर 7 विकेट खोकर 187 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया.
ताश के पत्तों की तरह बिखरा फिनिक्स की टीम
188 रनों के बड़े टारगेट का पीछा करने उतरी बर्मिंघम फिनिक्स की टीम दबाव में नजर आई और पूरी टीम सिर्फ 97 गेंदों में 100 रनों पर ढेर हो गई. जो क्लार्क और विल स्मीड ने सधी हुई शुरुआत की कोशिश की, लेकिन मैंचेस्टर के तेज और स्पिन गेंदबाजों के आगे कोई भी टिक न सका. मैंचेस्टर के लिए जोश टंगने अपनी तूफानी गति से शुरुआती दो विकेट चटकाए. इसके बाद सन्नी बेकर, गस एटकिंसन, नूर अहमद और लियम डॉसन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए फिनिक्स के किसी भी बल्लेबाज को टिकने का मौका नहीं दिया. फिनिक्स की ओर से कप्तान डोनोवन फरेरा ने ज्यादा 23 रन बनाए, लेकिन वह हार टालने के लिए काफी नहीं थे.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/the-hundred-2026-manchester-super-giants-beat-birmingham-phoenix-jos-buttler-90-runs-3862271.html