Ads Area

IND vs ZIM: जिम्बाब्वे में वैभव सूर्यवंशी नहीं, ये खिलाड़ी बना टीम इंडिया के लिए असली ‘गुड न्यूज’

IND vs ZIM: जिम्बाब्वे में वैभव सूर्यवंशी नहीं, ये खिलाड़ी बना टीम इंडिया के लिए असली ‘गुड न्यूज’

टीम इंडिया ने आखिरकार वर्ल्ड चैंपियन और असली दावेदार की तरह प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे में टी20 सीरीज जीत ली. पिछले एक महीने में 2 सनसनीखेज हार झेलने के बाद श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे को सीरीज में 3-0 से हरा दिया. टीम इंडिया की इस जीत के स्टार वैभव सूर्यवंशी रहे. 15 साल के युवा ओपनर ने तीनों मैच में दमदार प्रदर्शन किया और सबसे ज्यादा रन बनाए. वैभव के इस बेहतरीन प्रदर्शन के बावजूद टीम इंडिया के लिए इस सीरीज में सबसे अच्छी खबर बनकर आए तेज गेंदबाज मयंक यादव, जिन्होंने न सिर्फ विकेट लिए, बल्कि पूरी तरह फिट रहे.

जिम्बाब्वे में खेली गई 3 टी20 मैच की इस सीरीज में सबसे ज्यादा नजरें वैभव सूर्यवंशी पर थीं, जिन्होंने इंग्लैंड में अपना डेब्यू किया था लेकिन वहां उन्हें सफलता नहीं मिल पाई थी. ऐसे में जिम्बाब्वे में उनका बल्ला चलने की उम्मीद सब कर रहे थे. यही हुआ भी और वैभव ने 3 मैच में सबसे ज्यादा 151 रन बनाकर प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड जीता. मगर इस जीत में बड़ी भूमिका 24 साल के पेसर मयंक यादव की भी रही.

करीब 2 साल बाद टीम इंडिया में वापसी कर रहे मयंक यादव को लेकर इस सीरीज से पहले ज्यादा चर्चा नहीं हुई. उसकी वजह भी थी. आईपीएल 2024 में अपने हैरतअंगेज डेब्यू से मयंक ने सबको प्रभावित किया था. उनकी तेज रफ्तार चौंकाने वाली थी और बल्लेबाजों के लिए मुसीबत बन रहे थे. इसके चलते ही अक्टूबर 2024 में उनका टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू भी हुआ था. मगर तब से लेकर लगातार ही वो चोट से जूझते रहे. IPL में भी अगले 2 सीजन उनके चोट का सामना करते हुए ही गुजरे.

ऐसे में इस तूफानी पेसर की वापसी को लेकर संदेह बना हुआ था कि कहीं वो फिर चोटिल न हो जाएं. या फिर कहीं चोट के कारण उनकी रफ्तार और धार कम न हुई हो. अपनी रफ्तार और धार का जवाब मयंक ने बखूबी दिया. सीरीज के पहले और आखिरी मैच में उन्होंने पारी की पहली ही गेंद पर जिम्बाब्वे के ओपनर ब्रायन बैनेट को पवेलियन लौटाया. सिर्फ 6 मैच के करियर में तीसरी बार उन्होंने ऐसा कमाल किया. कुल मिलाकर इस सीरीज के 3 मैच में मयंक ने सबसे ज्यादा 5 विकेट लिए, जिसमें इकॉनमी रेट भी 6.54 का ही था.

यानि अपने प्रदर्शन से तो मयंक ने ये साबित कर दिया कि वो अभी भी उतने ही खौफनाक गेंदबाज हैं. मगर उनकी ऐसी बॉलिंग से ज्यादा प्रभावित करने वाला पहलू रहा मयंक की फिटनेस, जो इस दौरे की बेस्ट न्यूज रही. जहां दूसरे मैच में ही तेज गेंदबाज प्रिंस यादव चोटिल हो गए, उनसे पहले इंग्लैंड में हर्षित राणा भी चोट का शिकार बन गए, वहीं मयंक ने पूरी सीरीज बिना किसी परेशानी के निकाली, जबकि उनकी फिटनेस को लेकर सबसे ज्यादा शक बना हुआ था.

मयंक ने इस पूरी सीरीज में 11 ओवर गेंदबाजी की और लगातार 140 किलोमीटर प्रतिघंटा से ज्यादा की रफ्तार से गेंदबाजी करते रहे. अक्सर उन्होंने 148 से 150 की रफ्तार भी छुई और फिर भी चोट से दूर रहे. ऐसे में मयंक की ये फिटनेस अगर आगे भी बरकरार रहती है तो वो टीम इंडिया में उन्हें आगे भी मौके मिलते रह सकते हैं, जो सिर्फ मयंक ही नहीं बल्कि टीम के लिए भी अहम होंगे.



source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/ind-vs-zim-mayank-yadav-takes-most-wickets-his-fitness-injury-free-series-biggest-positive-for-team-india-3862305.html

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad