Ads Area

The Hundred: 29 छक्के, 418 रन… द हंड्रेड का हाई-वोल्टेज मैच, बर्मिंघम फीनिक्स ने मारी बाजी

The Hundred: 29 छक्के, 418 रन… द हंड्रेड का हाई-वोल्टेज मैच, बर्मिंघम फीनिक्स ने मारी बाजी

The Hundred 2026, Birmingham Phoenix vs Trent Rockets: द हंड्रेड 2026 के चौथे मुकाबले में एजबेस्टन के मैदान पर रनों और छक्कों का ऐसा सैलाब आया जिसने फैंस को दांतों तले उंगलियां दबाने पर मजबूर कर दिया. बर्मिंघम फीनिक्स ने अपने टॉप-ऑर्डर बल्लेबाजों के धमाकेदार प्रदर्शन के दम पर 100 गेंदों में 214 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया. जवाब में 215 रनों के ऐतिहासिक टारगेट का पीछा करने उतरी ट्रेंट रॉकेट्स की टीम भी अंत तक लड़ी, लेकिन 10 रन पीछे रह गई. पूरे मैच में दोनों टीमों की तरफ से कुल मिलाकर रिकॉर्ड 29 छक्के देखने को मिले.

जो क्लार्क और रेहान अहमद का बवंडर

मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बर्मिंघम फीनिक्स ने शुरुआती पावरप्ले में ही 54 रन कूट डाले. सलामी बल्लेबाज जो क्लार्क ने 33 गेंदों में 7 चौके और 4 छक्कों की मदद से 68 रनों की तूफानी पारी खेली. दूसरे ओपनर विल स्मीड ने भी 28 गेंदों में 51 रन बनाए. इसके बाद युवा ऑलराउंडर रेहान अहमद ने 5 छक्कों से सजी आतिशी पारी खेली और 25 गेंदों पर 48 रन बनाए, वहीं कप्तान डोनोवन फरेरा ने सिर्फ 9 गेंदों में 3 छक्के जड़कर टीम का स्कोर 100 गेंदों में 214 तक पहुंचा दिया.

फीनिक्स की पारी में कुल 17 छक्के लगे, जो टूर्नामेंट इतिहास के संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड है. दूसरी ओर, ट्रेंट रॉकेट्स के लिए सिर्फ लेग-स्पिनर केल्विन हैरिसन ही प्रभाव छोड़ सके, जिन्होंने 20 गेंदों में 27 रन देकर 2 विकेट लिए.

रॉकेट्स ने अंत तक लड़ी लड़ाई

215 रनों के रिकॉर्ड टारगेट का पीछा करने उतरी ट्रेंट रॉकेट्स को उनके ओपनर्स बेन डकेट और फिन एलेन ने पावरप्ले में 54 रनों की बिना किसी नुकसान के तेज शुरुआत दिलाई. हालांकि, फीनिक्स के पाकिस्तानी मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक ने अपनी बेहतरीन गेंदबाजी से फिन एलेन को बाउंड्री पर लपकवाकर इस साझेदारी को तोड़ा. इसके बाद स्कॉट करी ने बेन डकेट को पवेलियन भेजकर रॉकेट्स को दूसरा झटका दिया.

फिर टिम डेविड के सस्ते में आउट होने से ट्रेंट रॉकेट्स की रन गति धीमी पड़ गई. हालांकि, आखिरी ओवर्स में टॉम बैंटन ने सिर्फ 32 गेंदों में 67 रनों की करिश्माई पारी खेलकर मुकाबले में जान फूंक दी. आखिरी गेंदों पर केल्विन हैरिसन ने भी लगातार दो छक्के जड़े, लेकिन टीम 100 गेंदों में 7 विकेट पर 204 रन ही बना सकी और बर्मिंघम फीनिक्स ने 10 रनों से मुकाबला अपने नाम कर लिया. इस दौरान ट्रेंट रॉकेट्स की पारी में भी 12 छक्के लगे. यानी फैंस को इस मैच में कुल 29 छक्के और 418 रन देखने को मिले, जिसने हर किसी का दिन बना दिया.



source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/the-hundred-2026-birmingham-phoenix-beat-trent-rockets-by-10-runs-3860620.html

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad