Ads Area

Ravi Bishnoi: एक्शन में नहीं, रन-अप में था लोचा, ऐसे सुधरी रवि बिश्नोई के दाएं पैर की दिक्कत

Ravi Bishnoi: एक्शन में नहीं, रन-अप में था लोचा, ऐसे सुधरी रवि बिश्नोई के दाएं पैर की दिक्कत

Ravi Bishnoi resolved his no ball issue: भारतीय लेग-स्पिनर रवि बिश्नोई के लिए इंग्लैंड दौरा काफी खराब रहा था. मैनचेस्टर में खेले गए टी20 मुकाबले के दौरान रवि बिश्नोई का पिछला पैर गेंदबाजी के समय साइड की रिटर्न क्रीज को बार-बार पार कर रहा था. जिसके चलते एक ही मैच में तीन साइड नो-बॉल फेंकने के बाद यह वाकया सोशल मीडिया और क्रिकेट गलियारों में चर्चा का विषय बन गया था. हालांकि, भारतीय टीम मैनजमेंट ने इस दिक्कत को भांपते हुए तुरंत इसका हल निकाल लिया है. जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले से पहले भारत के गेंदबाजी कोच सुनील जोशी ने खुलासा किया कि बिश्नोई को किसी बड़े तकनीकी बदलाव की जरूरत नहीं थी, बल्कि सिर्फ एक छोटे से एडजस्टमेंट की दरकार थी.

एक्शन नहीं, रन-अप के अलाइनमेंट में थी दिक्कत

सुनील जोशी ने साफ किया कि रवि बिश्नोई के बॉलिंग एक्शन में कोई खराबी नहीं थी, बल्कि उनके रन-अप के अलाइनमेंट में सुधार किया गया है. जोशी ने बताया, ‘उन्होंने अपने गेंदबाजी एक्शन में कोई बदलाव नहीं किया है. उन्होंने सिर्फ अपने रन-अप के अलाइनमेंट को दोबारा सही किया है. हमने नियमित गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले समेत सपोर्ट स्टाफ के साथ इस पर चर्चा की और रवि के साथ मिलकर काम किया.’

रवि बिश्नोई को इंग्लैंड दौरे पर इकलौता मैच मैनचेस्टर में ही खेलने को मिला था. लेकिन इस मुकाबले में उन्होंने बिना कोई विकेट हासिल किए 60 रन लुटा दिए थे, जो हार का कारण भी बना था. एक समय इंग्लैंड को आखिरी 24 गेंदों में जीत के लिए 49 रनों की दरकार थी. लेकिन रवि बिश्नोई ने एक ओवर में ही 29 रन खर्च करके मुकाबले को इंग्लैंड की ओर मोड़ दिया था. इसी ओवर में उन्होंने दो साइड नो-बॉल फेंकी थी. जिसके चलते वो बाकी के मुकाबले में बाहर बैठे थे.

जिम्बाब्वे दौरे पर दिखा बदलाव का असर

मैनचेस्टर मैच के बाद सीरीज के बाकी मैचों से बाहर रहने वाले बिश्नोई ने इस बदलाव के बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 में शानदार वापसी की. उन्होंने बेहतरीन कंट्रोल के साथ गेंदबाजी करते हुए 4 ओवरों में सिर्फ 24 रन देकर 1 विकेट चटकाया और एक भी साइड नो-बॉल नहीं फेंकी. गेंदबाजी कोच ने इस पर खुशी जाहिर करते हुए कहा, ‘अब हम देख रहे हैं कि वह रिटर्न क्रीज के करीब भी नहीं जा रहे हैं. ईमानदारी से कहें तो यह उनके लिए और हमारे लिए, दोनों के लिए बहुत राहत की बात है.’



source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/ravi-bishnoi-resolved-his-no-ball-issue-run-up-realignment-sunil-joshi-ind-vs-zim-3860575.html

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad