
Meerut Mavericks beat Gorakhpur Lions: यूपी T20 लीग 2026 में रिंकू सिंह का एक और धमाका देखने को मिला है, जो कि उन्होंने 23 अगस्त को बारिश से प्रभावित मेरठ मैवरिक्स और गोरखपुर लायंस के बीच खेले मैच में किया. बारिश के चलते मुकाबला 8-8 ओवर का खेला गया. लेकिन, एक बार जब बादल बरसना बंद हो गए तो उसके बाद रिंकू सिंह ने रनों और बाउंड्रीज की बरसात की. उन्होंने सिर्फ एक ओवर में ही 28 रन कूटकर टीम को मैच जिता दिया. रिंकू सिंह की इस रंगत का शिकार बना वो खिलाड़ी, जो ना सिर्फ एक मजदूर का बेटा है. बल्कि क्रिकेटर बनने से पहले खुद भी मजदूरी किया करता था.
क्रिकेटर बनने से पहले मजदूर थे विशाल निषाद
रिंकू सिंह ने जिस गेंदबाज के एक ओवर में 28 रन कूटे, उस गेंदबाज का नाम विशाल निषाद है. अंदाज से लेग स्पिनर विशाल निषाद क्रिकेट में आने से पहले अपने पिता का मजदूरी में हाथ बंटाया करते थे. विशाल की किस्मत ने IPL 2026 के मेगा ऑक्शन के दौरान सबसे बड़ा मोड़ लिया, जहां उन पर प्रीति जिंटा की फ्रेंचाइजी पंजाब किंग्स ने 30 लाख रुपये का दांव खेला. बहरहाल, UP T20 लीग 2026 में प्रीति जिंटा के उसी गेंदबाज की अब रिंकू सिंह ने जबरदस्त धुनाई की है.
रिंकू सिंह vs विशाल निषाद: 1 ओवर, 28 रन
रिंकू सिंह ने मेरठ मैवरिक्स की इनिंग के छठे ओवर में विशाल निषाद को टारगेट किया. रिंकू सिंह ने इस ओवर की 6 गेंदों में से लगातार 5 पर बाउंड्री लगाई. उन्होंने पहली गेंद पर छक्का जड़ा. दूसरी गेंद पर चौका. तीसरी गेंद पर फिर छक्का लगाया. चौथी गेंद पर भी छक्का मारा. जबकि 5वीं गेंद पर चौका जड़ा. वहीं आखिरी गेंद पर रिंकू सिंह ने 2 रन लिए. इस तरह उन्होंने विशाल निषाद के एक ओवर में 28 रन ठोके, जो कि मेरठ मैवरिक्स के लिए बेशकीमती रहे, क्योंकि इसने उसके लिए जीत को आसान कर दिया.
Rinku Singh goes full throttle with a stunning 29* off just 7 balls.
Watch UPT20 Season 4 live on JioHotstar, StarSports 2 Hindi HD, StarSports 2 Hindi ,& StarSports.#UPT20 #KhiladiYahanBantaHai #IssBaarSeason4 pic.twitter.com/4onI8FzvXJ
— UP T20 League (@t20uttarpradesh) August 23, 2026
मेरठ मैवरिक्स VS गोरखपुर लायंस मैच की रिपोर्ट
8 ओवर के खेले मुकाबले में गोरखपुर लायंस ने पहले बल्लेबाजी की थी और 6 विकेट खोकर 91 रन बनाए थे. उनके 6 में से 4 विकेट अकेले मेरठ मैवरिक्स के गेंदबाज जीशान अंसारी ने लिए थे, जिन्हें IPL 2025 में काव्या मारन ने अपनी टीम के लिए खेलने का मौका तो दिया. मगर अगले ही सीजन बाहर भी कर दिया.
गोरखपुर लायंस से मिले 92 रन के लक्ष्य को मेरठ मैवरिक्स ने बिना कोई विकेट गंवाए 6.4 ओवर में ही हासिल कर लिया. रिंकू सिंह 7 गेंदों में 414.29 की स्ट्राइक रेट से 29 रन बनाकर नाबाद रहे. तो वहीं स्वास्तिक चिकारा 44 रन पर नॉट आउट रहे. मेरठ मैवरिक्स के लिए चिकारा के साथ अक्षय दुबे ने ओपनिंग की थी, मगर वो 13 रन के स्कोर पर रिटायर्ड हर्ट हो गए, जिसके बाद आए रिंकू सिंह ने ऐसा तूफान मचाया की जीत निश्चित हो गई.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/rinku-singh-score-28-runs-in-an-over-of-vishal-nishad-meerut-mavericks-beat-gorakhpur-lions-up-t20-league-2026-3888169.html