Ads Area

विराट कोहली जो 24 पारियों में नहीं कर पाए, शुभमन गिल ने सिर्फ 17 इनिंग्स में वो रिकॉर्ड बनाया

विराट कोहली जो 24 पारियों में नहीं कर पाए, शुभमन गिल ने सिर्फ 17 इनिंग्स में वो रिकॉर्ड बनाया

India vs Sri Lanka 2nd Test: शुभमन गिल जब से टीम इंडिया के टेस्ट कप्तान बने हैं, उनका बल्ला लगातार रन उगल रहा है. ये सिलसिला 2025 में इंग्लैंड दौरे से शुरू हुआ था. इस दौरान टीम इंडिया को भले ही कोई बड़ी सफलता हासिल नहीं हुई हो लेकिन गिल ने लगातार रन उगले हैं. श्रीलंका दौरे पर उनका बल्ला हालांकि खामोश ही रहा है और पहले टेस्ट में वो फेल हो गए थे. मगर दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में उन्होंने अर्धशतक लगा दिया. इसके साथ ही वो एक वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकल में 1000 रन बनाने वाले पहले भारतीय कप्तान बन गए हैं.

कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड में रविवार 23 अगस्त से भारत-श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट मैच शुरू हुआ. टीम इंडिया ने इस बार भी पहले बैटिंग की लेकिन दोनों ओपनर इस बार जल्दी आउट हो गए थे. ऐसे में कप्तान शुभमन गिल पर पारी को संभालने की जिम्मेदारी थी, जिसे उन्होंने बखूबी निभाया. गॉल टेस्ट मैच की दोनों पारियों में सिर्फ 16 और 8 रन बनाने वाले शुभमन गिल ने इस बार अर्धशतक जमाया और 50 रन की पारी खेली.

कोहली से आगे निकल गए गिल

इस पारी के दम पर शुभमन गिल ने WTC 2025-27 साइकल में अपने 1000 रन पूरे कर लिए. उनके खाते में अब 10 टेस्ट मैच की 17 पारियों में 1024 रन हो गए हैं, जिसमें उनका औसत 68 का है और वो 5 शतक के साथ 2 अर्धशतक जमा चुके हैं. वो एक WTC में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय कप्तान भी बन चुके हैं. इस मामले में उन्होंने विराट कोहली का रिकॉर्ड पहले ही तोड़ दिया था. कोहली ने सबसे पहली WTC (2019-21) में 15 मैच की 24 पारियों में 934 रन बनाए थे, जिसमें उनका औसत 42 का रहा था.

गिल ने गंवाया बड़े स्कोर का मौका

गिल ने रिकॉर्ड जरूर बनाया लेकिन अपनी सिर्फ 50 रन पर आउट होने के कारण वो और टीम काफी निराश हुई होगी. भारतीय कप्तान की ये पारी बड़ी हो सकती थी क्योंकि वो बिना किसी परेशानी के श्रीलंकाई गेंदबाजों को खेल रहे थे. ऐसा लग रहा था कि उनके बल्ले से फिर एक शतक निकलेगा लेकिन एक खराब गेंद पर गिल ने उससे भी खराब शॉट खेला और अपना विकेट गंवा दिया. हालांकि इस दौरान उन्होंने देवदत्त पडिक्कल के साथ मिलकर 120 रन की दमदार साझेदारी जरूर की.



source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/ind-vs-sl-shubman-gill-1st-indian-captain-to-score-1000-runs-in-single-wtc-cycle-3888131.html

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad