
स्पेन ने लक्जमबर्ग के खिलाफ T20 मुकाबले में बड़ी जीत की स्क्रिप्ट लिखी. उसने ICC मेंस T20 वर्ल्ड कप सब रीजनल यूरोप क्वालिफायर C 2026 के मुकाबले में लक्जमबर्ग को 141 रन के बड़े अंतर से हराया. स्पेन की इस जीत के नायक 38 साल के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहम्मद कामरान रहे, जिन्होंने हैट्रिक के साथ मैच में 6 विकेट अकेले झटके. कामरान की आग उगलती गेंदों का ही असर रहा कि लक्जमबर्ग ने जितने रन बनाए नहीं, उसके दोगने से भी ज्यादा रन के अंतर से वो हार गई.
हैट्रिक के साथ कामरान ने झटके 6 विकेट
मोहम्मद कामरान ने 4 ओवर में 20 रन देकर 6 विकेट लिए, जिसमें उनकी हैट्रिक भी शामिल रही. ये उनके T20I करियर का बेस्ट प्रदर्शन है. मोहम्मद कामरान ने लक्जमबर्ग के कप्तान शिव करण गिल, विकेटकीपर बल्लेबाज विलियम कोप और विक्रम विज को आउट कर मैच में अपनी हैट्रिक पूरी की. T20I में ये उनकी दूसरी हैट्रिक है.
View this post on Instagram
स्पेन के ‘वसीम अकरम’ ने 6 में से 5 विकेट टॉप ऑर्डर के लिए
अपने बॉलिंग एक्शन से पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वसीम अकरम जैसे लगने वाले मोहम्मद कामरान ने जो 6 विकेट लिए, उसमें 5 विकेट लक्जमबर्ग के टॉप के बल्लेबाजों के शामिल रहे. कामरान के बरपाए कहर की बदौलत लक्जमबर्ग की पूरी टीम 15 ओवर में सिर्फ 65 रन बनाकर ऑल आउट हो गई और 141 रन से मुकाबला हार गई. इससे पहले स्पेन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 206 रन बनाए थे.
लक्जमबर्ग को रौंदने से पहले स्पेन ने तोड़ा था ऑस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड
मोहम्मद कामरान के दम पर स्पेन ने लक्जमबर्ग को रौंदने का कमाल ऑस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड तोड़ने के ठीक बाद किया है. अभी हाल ही में स्पेन ने इंटरनेशनल क्रिकेट में लगातार सबसे ज्यादा मुकाबले जीतने के ऑस्ट्रेलिया के रिकॉर्ड को तोड़ा था. ऑस्ट्रेलिया ने लगातार 20 इंटरनेशनल मैच जीते थे. जबकि स्पेन ने लगातार 21वां मुकाबला जीतते हुए उसका रिकॉर्ड तोड़ा था.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/mohammad-kamran-take-six-wicket-with-hattrick-spain-beat-luxembourg-in-t20i-video-3884174.html