Ads Area

42 मिनट और 22 गेंद… स्टार्क ने चुटकियों में बांग्लादेश की आधी टीम की ढेर, 149 साल में पहली बार हुआ ऐसा

42 मिनट और 22 गेंद… स्टार्क ने चुटकियों में बांग्लादेश की आधी टीम की ढेर, 149 साल में पहली बार हुआ ऐसा

AUS vs BAN 2nd Test, Mitchell Starc Five-Wicket Haul: बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में मिली शर्मनाक हार के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम ने दूसरे और आखिरी टेस्ट में जोरदार पलटवार किया है. शनिवार को मैच के पहले ही दिन अनुभवी बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने बांग्लादेशी बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया. 36 साल के स्टार्क ने महज 22 गेंदों के अंदर अपना 5 विकेट हॉल पूरा कर लिया और सिर्फ 42 मिनट के खेल में मेहमान टीम के 5 बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया.

मैच की पहली ही गेंद पर शिकार

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए स्टार्क ने पारी की शुरुआत में ही इतिहास रच दिया. उन्होंने मैच की पहली ही गेंद पर शादमान इस्लाम को गली में कैमरून ग्रीन के हाथों कैच कराकर गोल्डन डक पर आउट किया. इसके साथ ही स्टार्क 149 साल के टेस्ट क्रिकेट इतिहास में 4 अलग-अलग मौकों पर मैच की पहली ही गेंद पर विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए. इससे पहले वह वेस्टइंडीज के पूर्व तेज गेंदबाज पेड्रो कॉलिन्स के साथ 3-3 की बराबरी पर थे. वहीं, यह टेस्ट क्रिकेट में 28वां मौका था जब स्टार्क ने किसी टेस्ट पारी के पहले ही ओवर में विकेट झटका हो.

22 गेंदों में आधी टीम ढेर

पहली गेंद पर सफलता के बाद स्टार्क रुके नहीं और अपनी स्विंग-सीम गेंदबाजी से बांग्लादेशी बल्लेबाजों को बैकफुट पर धकेल दिया. पहले टेस्ट में शतक जड़ने वाले तंजीद हसन तमीम खाता खोले बिना तीसरी स्लिप में ब्यू वेबस्टर को कैच दे बैठे. अगली ही गेंद पर स्टार्क ने बांग्लादेशी कप्तान नजमुल हुसैन शांतो को भी गोल्डन डक पर आउट कर दिया. इसके बाद मोमिनुल हक और लिटन दास को आउट करके स्टार्क ने पारी के सिर्फ 7वें ओवर बांग्लादेश का स्कोर 12 रन पर 5 विकेट कर दिया. स्टार्क ने बॉलिंग स्पेल के शुरुआती 4 ओवर में 3 मेडन फेंके और सिर्फ 4 रन दिए, जिसके सामने बांग्लादेश का टॉप ऑर्डर ताश के पत्तों की तरह बिखर गया.

डेल स्टेन को भी पछाड़ा

इसी के साथ मिचेल स्टार्क ने टेस्ट क्रिकेट में साउथ अफ्रीका के पूर्व महान तेज गेंदबाज डेल स्टेन को पीछे छोड़ते हुए सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले तेज गेंदबाजों की लिस्ट में 5वां स्थान हासिल कर लिया है. मिचेल स्टार्क के अब 440 विकेट हो गए हैं. वहीं, डेल स्टेन के नाम 439 विकेट दर्ज हैं. इस लिस्ट में इंग्लैंड के जेम्स एंडरसन 704 विकेट के साथ टॉप पर हैं.



source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/mitchell-starc-five-wicket-haul-in-22-balls-australia-vs-bangladesh-2nd-test-3886761.html

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad