
भारतीय टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत का करियर एक अजीब मोड़ पर खड़ा है. वनडे और टी20 फॉर्मेट से उनकी टीम इंडिया से छुट्टी हो चुकी है और वापसी की संभावना अब नहीं दिख रही. वहीं टेस्ट क्रिकेट में वो टीम इंडिया के नंबर-1 विकेटकीपर हैं और सबसे अहम बल्लेबाजों में शामिल हैं. इसके बावजूद टेस्ट टीम में भी उनकी जगह को लेकर सवाल उठ रहे हैं. ऐसे हालात को देखते हुए ही पूर्व बल्लेबाज वसीम जाफर ने सलाह दी है कि अपने इंटरनेशनल करियर को बचाने और बढ़ाने के लिए पंत को IPL में कप्तानी से दूरी बना लेनी चाहिए.
‘कप्तान नहीं सिर्फ खिलाड़ी बन कर खेलें पंत’
भारत और श्रीलंका के बीच चल रही टेस्ट सीरीज के बीच वसीम जाफर ने अपने यूट्यूब चैनल पर पोस्ट किए एक वीडियो में ये बात कही है. उन्होंने कहा है कि अगर अगले IPL सीजन में दिल्ली कैपिटल्स कप्तानी का प्रस्ताव देती है तो ऋषभ पंत को इससे इनकार कर देना चाहिए. जाफर ने केएल राहुल का उदाहरण देते हुए कहा कि कप्तानी छोड़ने के बाद सिर्फ एक बल्लेबाज के रूप में खेलते हुए वो IPL में काफी दमदार नजर आए हैं. जाफर ने IPL में कप्तानी के साथ आने वाले दबाव को इस सलाह की वजह बताया.
आपको बता दें कि ऋषभ पंत पिछले 2 सीजन से लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान थे, जहां वो IPL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी के रूप में पहुंचे थे. मगर दोनों ही सीजन में टीम फ्लॉप रही और पंत की कप्तानी सवालों के घेरे में रही. साथ ही इस दौरान वो खुद अपनी बैटिंग से भी असर नहीं डाल सके थे. उनका यही हाल दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी के दौरान भी हुआ था. अब एक बार फिर वो लखनऊ छोड़कर दिल्ली लौट आए हैं और फिर उन्हें कप्तानी का दावेदार माना जा रहा है.
टीम इंडिया में कमबैक पर फोकस
जाफर ने इसके साथ ही पंत को ये भी सलाह दी कि IPL के जरिए उन्हें वनडे और टी20 की टीम में वापसी का लक्ष्य रखना चाहिए. जाफर ने कहा कि पंत का पूरा ध्यान फिलहाल IPL में अच्छे से अच्छे प्रदर्शन पर और अपनी बेस्ट बैटिंग फॉर्म हासिल करने पर होना चाहिए ताकि वो फिर से भारत के लिए वनडे और टी20 क्रिकेट खेल सकें. उन्होंने ये भी कहा कि पंत फिलहाल टीम इंडिया में कप्तानी के रोल से दूर हो चुके हैं और इसलिए उन्हें IPL में भी ये जिम्मेदारी लेने के बजाए अपने खेल पर फोकस करना चाहिए.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/wasim-jaffer-advises-rishabh-pant-to-decline-captaincy-in-ipl-to-focus-on-team-india-career-3886705.html