
Vinay Kumar: भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज विनय कुमार को आगामी घरेलू सीजन के लिए कर्नाटक राज्य क्रिकेट टीम का हेड कोच नियुक्त किया गया है. 42 साल के विनय कुमार पूर्व क्रिकेटर येरे गौड़ की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे. उनके साथ कर्नाटक के पूर्व बल्लेबाज दीपक चौगुले को सपोर्ट स्टाफ में फील्डिंग कोच की भूमिका दी गई है. एमएस धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम के लिए डेब्यू करने वाले और बाद में विराट कोहली की कप्तानी में भी कई मुकाबले खेलने वाले विनय कुमार घरेलू क्रिकेट के सबसे सफल गेंदबाजों में गिने जाते हैं.
घरेलू क्रिकेट का दिग्गज अब बना कोच
2021 में संन्यास का ऐलान करने वाले विनय कुमार का क्रिकेट करियर शानदार आंकड़ों से भरा रहा है. घरेलू और इंटरनेशनल क्रिकेट को मिलाकर उन्होंने सभी फॉर्मेट्स में 900 से ज्यादा विकेट चटकाए हैं. इस दौरान उन्होंने फर्स्ट-क्लास में 504, लिस्ट-ए में 225, टी20 में 194 और इंटरनेशनल में 49 विकेट अपने नाम किए. इसके अलावा, विनय कुमार रणजी ट्रॉफी के इतिहास में तेज गेंदबाजों में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. उन्होंने 139 फर्स्ट-क्लास मैचों में 22.44 की शानदार औसत से कुल 504 विकेट अपने नाम किए हैं.
अपनी कप्तानी में विनय कुमार ने 2013 से 2015 के बीच कर्नाटक को लगातार दो बार डबल ट्रेबल (रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी और ईरानी कप) का खिताब दिलाया था. वहीं, भारत के लिए 1 टेस्ट, 31 वनडे और 9 टी20 खेलने वाले विनय कुमार कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस की आईपीएल विजेता टीमों का भी हिस्सा रह चुके हैं. इसके अलावा को आईपीएल में विराट कोहली की कप्तानी में आरसीबी के लिए कई मुकाबले खेल चुके हैं.
कोचिंग में कैसा है विनय कुमार का अनुभव?
हेड कोच के रूप में कर्नाटक टीम के साथ यह विनय कुमार का पहला असाइनमेंट होगा. इससे पहले वे महाराजा टी20 ट्रॉफी में हुबली टाइगर्स के प्रभारी रह चुके हैं. इसके अलावा, उन्होंने यूएई की ILT20 लीग में ‘एमआई एमिरेट्स’ के गेंदबाजी कोच और मुंबई इंडियंस के टैलेंट स्काउट के रूप में भी काम किया है. पिछले सीजन की उपविजेता रही कर्नाटक की टीम अपने 2026-27 रणजी ट्रॉफी अभियान की शुरुआत 11 अक्टूबर से आंध्र प्रदेश के खिलाफ करेगी.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/vinay-kumar-karnataka-ranji-trophy-head-coach-appointment-3879620.html