
Caribbean Premier League 2026: कैरेबियन प्रीमियर लीग 2026 के छठे मुकाबले में अफगानिस्तान के 41 साल के दिग्गज ऑलराउंडर मोहम्मद नबी ने अपनी जादुई स्पिन गेंदबाजी से तहलका मचा दिया. गुयाना अमेजन वारियर्स की ओर से खेलते हुए नबी ने जमैका किंग्समैन के खिलाफ एक ऐसा स्पेल फेंका, जिसने विरोधी बल्लेबाजी की कमर तोड़कर रख दी. वो इस मुकाबले में काफी किफायती साबित हुए और बड़े विकेट्स भी चटकाए, जिसके चलते जमैका की टीम 20 ओवर भी नहीं खेल सकी.
11 डॉट गेंदें और 4 बल्लेबाजों का शिकार
मोहम्मद नबी ने अपने स्पेल में कमाल की कसी हुई गेंदबाजी का प्रदर्शन किया. उन्होंने अपने 4 ओवर के स्पेल में 11 गेंदों पर एक भी रन नहीं खर्च होने दिया, यानी 11 डॉट बॉल फेंकी. अपनी सटीक लाइन और लेंथ से बल्लेबाजों को बेबस करने वाले नबी ने 5.50 की इकॉनमी से सिर्फ 22 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए. खास बात ये रही कि उन्होंने अपने चारों ओवर में विकेट हासिल किया.
View this post on Instagram
मोहम्मद नबी ने इस मैच में सबसे पहले हसन खान को अपना शिकार बनाया. फिर आंद्रे रसेल को पवेलियन का रास्ता दिखाया, जिन्होंने हाल ही में एक विस्फोटक पारी खेली थी. लेकिन मोहम्मद नबी ने उन्हें टिकने का भी मौका नहीं दिया. इसके बाद कीमो पॉल और हुनैन शाह का विकेट भी उनके ही नाम रहा. ये चारों बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके.
117 रनों पर ढेर हुई जमैका किंग्समैन
जमैका किंग्समैन टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी, लेकिन गुयाना अमेजन वारियर्स की शानदार गेंदबाजी के चलते वो 19.4 ओवर ही खेल सकी और 117 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. इस दौरान रीजा हेंड्रिक्स ने सबसे ज्यादा 40 रन बनाए. वहीं, रोवमैन पॉवेल 24 रन की पारी खेलकर आउट हुए. इन दोनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज 20 रन का आंकड़ा नहीं छू सका. दूसरी ओर, गुयाना के लिए मोहम्मद नबी के अलावा शमर जोसेफ और कप्तान इमरान ताहिर ने भी 2-2 विकेट लिए. वहीं, खारी पियरे के नाम 1 सफलता रही.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/mohammad-nabi-4-wickets-cpl-2026-jamaica-kingsmen-vs-guyana-amazon-warriors-3879653.html