Ads Area

DPL 2026: लगातार 5 अर्धशतक… फिर गरजा पप्पू यादव के बेटे सार्थक रंजन का बल्ला, फिर भी टीम को मिली हार

DPL 2026: लगातार 5 अर्धशतक… फिर गरजा पप्पू यादव के बेटे सार्थक रंजन का बल्ला, फिर भी टीम को मिली हार

Delhi Premier League 2026: दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 (DPL 2026) में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के कप्तान सार्थक रंजन का ड्रीम फॉर्म जारी है. राजनेता पप्पू यादव के बेटे सार्थक ने लीग के 26वें मैच में एक कमाल की पारी खेली और सीजन में अपना लगातार 5वां अर्धशतक जड़ा, लेकिन उनकी इस शानदार पारी के बावजूद नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स को पुरानी दिल्ली 6 के हाथों आखिरी ओवर के रोमांचक मुकाबले में 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा.

सार्थक रंजन ने फिर खेली कप्तानी पारी

मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स को कप्तान सार्थक रंजन और वैभव कांदपाल ने 45 रनों की ठोस शुरुआत दिलाई. वैभव के आउट होने के बाद यश भाटिया मैदान पर आए. सार्थक और यश भाटिया के बीच दूसरे विकेट के लिए 61 रनों की बेहतरीन साझेदारी हुई. इस दौरान सार्थक रंजन ने 37 गेंदों पर 59 रनों की कप्तानी पारी खेली. उन्होंने ये रन 159.46 की स्ट्राइक रेट से बनाए, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल रहे. जिसके चलते टीम का स्कोर 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 186 तक पहुंचा.

बता दें, सार्थक रंजन ने इस सीजन में अभी तक 5 मैच खेले हैं और हर मुकाबले में 50 रन का आंकड़ा पार किया है. वो इन 5 पारियों में 68.00 के औसत और 170.85 के स्ट्राइक रेट से 340 रन बना चुके हैं. वो फिलहाल सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं. यश ढुल 341 रनों के साथ सबसे आगे चल रहे हैं, हालांकि उन्होंने सार्थक रंजन के मुकाबले 2 पारी ज्यादा खेली हैं.

पुरानी दिल्ली 6 ने मारी बाजी

187 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी पुरानी दिल्ली 6 की शुरुआत काफी खराब रही. टीम ने सिर्फ 53 रनों के स्कोर पर अपने 4 टॉप बल्लेबाजों को गंवा दिया था. इसके बाद अश्विनी छिल्लर (45 रन) और ललित यादव (64 रन) ने मिलकर पांचवें विकेट के लिए 105 रनों की मैच जिताऊ साझेदारी की और मैच का रुख पूरी तरह से बदल दिया. फिर आखरी ओवर में पुरानी दिल्ली 6 को जीत के लिए 7 रनों की जरूरत थी. पहली ही गेंद पर सेट बल्लेबाज अश्विनी छिल्लर आउट हो गए, जिससे मुकाबला काफी रोमांचक मोड़ पर आ गया. हालांकि, क्रीज पर आए पंकज जायसवाल ने आते ही पहली दोनों गेंदों पर लगातार 2 छक्के जड़कर पुरानी दिल्ली 6 को 4 विकेट से यादगार जीत दिला दी.



source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/dpl-2026-sarthak-ranjan-5th-consecutive-fifty-purani-dilli-6-vs-north-delhi-strikers-3879694.html

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad