Ads Area

Ajinkya Rahane: अजिंक्य रहाणे ने यशस्वी जायसवाल को बैन होने से कैसे बचाया? सालों बाद दिग्गज ने तोड़ी चुप्पी

Ajinkya Rahane: अजिंक्य रहाणे ने यशस्वी जायसवाल को बैन होने से कैसे बचाया? सालों बाद दिग्गज ने तोड़ी चुप्पी

Ajinkya Rahane on Yashasvi Jaiswal: भारतीय क्रिकेट के गलियारों में अजिंक्य रहाणे और यशस्वी जायसवाल के रिश्ते हमेशा से चर्चा और गपशप का मुद्दा रहे हैं. एक तरफ मुंबई को कई ट्रॉफियां जिताने वाले और भारत के दिग्गज रहाणे हैं, तो दूसरी तरफ भारतीय क्रिकेट के मौजूदा स्टार यशस्वी जायसवाल. हाल ही में अजिंक्य रहाणे ने साल 2022 के दलीप ट्रॉफी फाइनल की घटना पर बड़ा खुलासा किया है, जब उन्होंने जायसवाल को मैदान से बाहर भेज दिया था. रहाणे ने दावा किया है कि उनके उस कड़े कदम ने जायसवाल को 4 मैचों के बैन से बचा लिया था.

मैच रेफरी बैन लेटर लिख चुका था…

दरअसल, दलीप ट्रॉफी 2022 के फाइनल में वेस्ट जोन के कप्तान रहाणे ने जायसवाल को साउथ जोन के खिलाड़ी टी रवि तेजा के साथ लगातार स्लेजिंग करने पर मैदान से बाहर भेज दिया था. अंपायर की चेतावनियों के बावजूद जब बात नहीं बनी, तो रहाणे ने यह सख्त कदम उठाया था. तब जायसवाल लगातार रवि तेजा को उकसाने की कोशिश कर रहे थे, जिससे मुकाबले का माहौल भी गरमा गया था. बल्लेबाज की ओर से बार-बार शिकायत किए जाने बाद रहाणे ने ये कदम उठाया था, ये घटना उस समय काफी चर्चाओं में रही थी.

हाल ही में अजिंक्य रहाणे ने द इंडियन एक्सप्रेस को दिए एक इंटरव्यू में बताया, ‘”खेल में स्लेजिंग होती है और यह मजेदार भी है. लेकिन मुझे लगा कि स्थिति हाथ से निकल रही थी. मैच रेफरी 4 मैचों के बैन का लेटर लिखकर तैयार बैठे थे. उन्होंने मुझसे आकर कहा, ‘यह लेटर तैयार है, लेकिन क्योंकि तुमने अपने खिलाड़ी को खुद सजा दी, इसलिए मैं इसे फाड़ रहा हूं.’ उन्होंने मेरे सामने वह लेटर फाड़ दिया. अंत में मुझे खुशी थी कि यशस्वी को बैन नहीं झेलना पड़ा और आज वो भारत के लिए खेल रहे हैं.’

रहाणे ने यशस्वी जायसवाल को क्या कहा था?

रहाणे ने माना कि उस वक्त जायसवाल को उनका फैसला बुरा लगा होगा. रहाणे ने कहा, ‘गलती किसी से भी हो सकती है, लेकिन एक खिलाड़ी के रूप में आपको अपनी सीमा में रहना होता है. अगर उसे मेरा फैसला बुरा भी लगा, तो ठीक है, लेकिन उस समय उनके करियर के लिए यह सही था. मैंने उससे बस इतना कहा था कि कुछ ओवरों के लिए अंदर जाओ, अपने सिर पर बर्फ रखो और शांत होकर वापस आओ.’

उस मैच में वेस्ट जोन ने जीत दर्ज की थी और जायसवाल को 265 रनों की शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था. इसके बाद 2023 में उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत के लिए टेस्ट डेब्यू किया था. मौजूदा समय में वो भारतीय टेस्ट टीम के अहम खिलाड़ी भी हैं.



source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/ajinkya-rahane-reveals-saved-yashasvi-jaiswal-from-four-match-ban-duleep-trophy-2022-3875263.html

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad