
Jonty Sidhu Hundred vs Purani Dilli 6 in Qualifier 2: दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 के क्वालिफायर-2 में सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए पुरानी दिल्ली 6 को 72 रनों से हरा दिया. इस धमाकेदार जीत के साथ सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की कर ली है. टीम की इस ऐतिहासिक जीत के सबसे बड़े नायक कप्तान जोंटी सिद्धू रहे, जिन्होंने पहले बल्ले से 46 गेंदों में नाबाद 106 रनों की तूफानी शतकीय पारी खेली और फिर गेंद से 3 विकेट चटकाकर ऑलराउंड खेल का शानदार मुजाहिरा पेश किया.
जोंटी सिद्धू का बल्ला गरजा
मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए सेंट्रल दिल्ली किंग्स को कप्तान जोंटी सिद्धू ने बेहतरीन शुरुआत और फिनिश दी. बाएं हाथ के धाकड़ बल्लेबाज सिद्धू ने मैदान के चारों ओर चौकों-छक्कों की बारिश करते हुए सिर्फ 46 गेंदों पर नाबाद 106 रन ठोके. उन्होंने अपनी इस पारी में सिर्फ 5 चौके ही लगाए और 10 छक्के जड़े. इस दौरान उन्होंने 108 मीटर का एक लंबा छक्का भी जड़ा, जो इस सीजन का सबसे लंबा छक्का है. अंत में आदित्य भंडारी ने 12 गेंदों पर नाबाद 24 रनों की तेजतर्रार पारी खेलकर टीम को 218 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया.
146 रनों पर ढेर हुई पुरानी दिल्ली 6
टारगेट का पीछा करने उतरी पुरानी दिल्ली 6 की टीम दबाव के आगे बिखर गई और लगातार विकेट गंवाती रही. टीम ने एक समय सिर्फ 91 रन पर अपने 6 अहम विकेट गंवा दिए थे, जिसमें कप्तान अनुज रावत, आर्यन गौर, समर्थ सेठ और देव लाकड़ा जैसे बड़े नाम शामिल रहे. जिसके चलते पूरी टीम 146 रनों पर सिमट गई और मुकाबला 72 रनों के बड़े अंतर से गंवा बैठी.
बल्ले से शतक जड़ने के बाद कप्तान जोंटी सिद्धू ने गेंद से भी कहर बरपाया और 3 ओवरों में 25 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए. इसके अलावा मनी ग्रेवाल ने 4 ओवर में 27 रन देकर 2 विकेट झटके. तेजस बारोका ने भी किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 19 रन दिए और 2 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा. क्वालिफायर-2 में मिली इस धमाकेदार जीत के बाद सेंट्रल दिल्ली किंग्स का सामना अब रविवार को अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाले फाइनल में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स से होगा.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/dpl-2026-central-delhi-kings-beat-purani-dilli-6-jonty-sidhu-allround-performance-3892715.html