
यूएई में महिला एशिया कप 2026 की शुरुआत हो चुकी है, जिसमें एशिया की 8 टीमें भिड़ रही हैं. टूर्नामेंट की 4 सबसे बड़ी टीमों के बीच अभी मुकाबले नहीं खेले गए हैं लेकिन माहौल बनने लगा है. खास तौर पर मौजूदा चैंपियन श्रीलंका ने तो साफ कर दिया है कि वो एक बार फिर खिताब जीतने के लिए तैयार है. कप्तान चामरी अटापट्टू की कप्तानी वाली श्रीलंका ने अपने पहले ही मैच में मेजबान UAE को चारों खाने चित कर दिया. श्रीलंका ने सिर्फ 8 ओवर के अंदर ही 80 रन का मामूली लक्ष्य हासिल करते हुए 9 विकेट से जीत दर्ज की.
दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में शनिवार 29 अगस्त को खेले गए ग्रुप बी के इस पहले मैच में श्रीलंका पूरी तरह से हावी रही, जिसकी उम्मीद थी. मगर ऐसा भी नहीं सोचा होगा कि UAE 100 रन भी नहीं बना पाएगी. श्रीलंका के गेंदबाजों ने हालांकि ऐसा कर दिखाया. मिताली अयोध्या और चेतना विमुक्ति ने 3-3 विकेट लेकर UAE को पस्त कर दिया, जबकि सुगंधिका कुमारी को भी 2 विकेट मिले. UAE के लिए सबसे ज्यादा 18 रन कप्तान और ओपनर ईशा ओजा ने बनाए.
जीत तो श्रीलंका की होगी, ये पहले ही तय था. बस देखना ये था कि मौजूदा चैंपियन कितनी जल्दी इस काम को अंजाम देती हैं. इससे ये टीम के इरादों का पता चलना था और चामरी अटापट्टू की टीम ने इरादे दिखा भी दिए. सिर्फ 7.5 ओवर यानि 47 गेंदों के अंदर श्रीलंका ने 80 रन बनाकर 9 विकेट से जीत दर्ज की. खुद कप्तान अटापट्टू ने इस तेज रफ्तार जीत में योगदान दिया. उनके बल्ले से 25 गेंदों में ही 48 रन निकल गए, जिसमें 7 चौके और 2 छक्के शामिल थे.
श्रीलंका के ऐसे विस्फोटक आगाज के बाद अब नजरें टीम इंडिया पर हैं. इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा बार खिताब जीतने वाली भारतीय टीम ग्रुप स्टेज में अपना पहला मुकाबला रविवार 30 अगस्त को खेलेगी. भारत की शुरुआत भी छोटी टीम थाईलैंड से होगी, जिसमें टीम इंडिया स्वाभाविक तौर पर जीत की दावेदार होगी. हालांकि थाईलैंड ने भी अपना पहला मैच जीतकर अच्छी शुरुआत की है और वो टीम इंडिया को कुछ टक्कर जरूर देना चाहेगी. अब देखना ये है कि क्या टीम इंडिया भी अपना आगाज श्रीलंका जैसा करती है या उसे कुछ मशक्कत करनी पड़ेगी?
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/women-asia-cup-2026-sri-lanka-beat-uae-by-9-wickets-chamari-athapaththu-runs-3893342.html