
इंग्लैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज अपने नाम कर ली है. वैसे तो ये सीरीज 3 मैच की है लेकिन इंग्लैंड ने शुरुआती दोनों मैच जीतकर पाकिस्तान की अरमानों पर पानी फेर दिया. लॉर्ड्स में खेले गए दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 4 दिन के अंदर 194 रन के बड़े अंतर से हरा दिया. इस तरह 3 मैच की सीरीज में इंग्लैंड ने 2-0 की बढ़त ले ली और साथ ही दिसंबर 2024 के बाद पहली बार कोई टेस्ट सीरीज जीती है. वहीं पाकिस्तानी टीम एक बार फिर 200 रन का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाई.
रविवार 30 अगस्त को लॉर्ड्स टेस्ट मैच का चौथा दिन था और इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी 177 रन के स्कोर से आगे शुरू की. टीम के सिर्फ 3 विकेट बचे थे लेकिन ये पारी यहां से ज्यादा आगे नहीं बढ़ पाई. मोहम्मद अब्बास ने पहले सेशन में ही 2 विकेट झटक लिए और इंग्लैंड 208 रन पर ऑल आउट हो गई. अब्बास ने इस पारी में अपने 5 विकेट पूरे किए, जो इंग्लैंड में उनका पहला ही ऐसा प्रदर्शन है. मैच में उनका ये 9वां विकेट था. मगर इसके बावजूद इंग्लैंड ने पाकिस्तान के सामने 389 रन का मुश्किल लक्ष्य रखा.
बाबर समेत पाक बैटिंग फिर फेल
ये तो पहले ही तय नजर आ रहा था कि पाकिस्तान के लिए ये लक्ष्य हासिल करना लगभग असंभव ही है. बस ये देखना था कि पाकिस्तानी बल्लेबाज कितना जज्बा और कितना जुझारूपन दिखाकर इंग्लैंड का सामना करते हैं. साथ ही नजरें इस पर भी थीं कि क्या पाकिस्तानी टीम इस बार 200 रन का आंकड़ा पार कर लेगी. मगर इन दोनों ही मोर्चों पर पाकिस्तानी बल्लेबाज फिर से फेल हुए. कप्तान बाबर आजम तो जोफ्रा आर्चर की एक बाउंसर में ही बेहद खराब तरीके से आउट हुए, तो बाकी बल्लेबाजों का क्या ही कहना.
मगर इन सबके बीच सऊद शकील ने मोर्चा संभाले रखा और काफी देर तक डटे रहे. लगातार फेलियर के कारण काफी दबाव में रहे शकील ने आखिरकार ऐसे माहौल में एक बेहतरीन पारी खेली, जो पाकिस्तान को बचाने के लिए तो काफी नहीं थी लेकिन टीम में उनकी जगह को बचाए रखने में मददगार साबित होगी. शकील की बदकिस्मती रही कि वो 97 रन बनाकर आउट हुए और शतक से चूक गए. पाकिस्तानी टीम आखिरकार सिर्फ 194 रन पर निपट गई. पहली पारी की तरह ऑली रॉबिनसन ने फिर से 4 विकेट लिए, जबकि जॉश टंग को 3 और आर्चर को 2 विकेट मिले.
72 साल बाद पाकिस्तान का ऐसा हाल
इसके साथ ही पाकिस्तानी टीम को 72 साल बाद टेस्ट क्रिकेट में इतने बुरे दौर से गुजरना पड़ा है. असल में इस सीरीज के 2 मैच में पाकिस्तान ने अभी तक 4 पारियों में बैटिंग की और चारों में ही टीम 200 रन नहीं बना सकी है. लीड्स टेस्ट में पाकिस्तान 171 और 139 रन ही बना सका था. वहीं लॉर्ड्स में उसने सिर्फ 110 और 194 रन बनाए. इस तरह 1954 के बाद ये पहला मौका है, जब पाकिस्तान किसी टेस्ट सीरीज की लगातार 4 पारियों में 200 रन बनाने में नाकाम रही है.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/england-beat-pakistan-in-lords-test-by-194-runs-to-take-2-0-lead-in-series-eng-vs-pak-3894080.html