
कोई वर्ल्ड कप नहीं है, कोई एशिया कप भी नहीं है. ऐसे में भारत और पाकिस्तान की टक्कर देखने को तरस रहे क्रिकेट फैंस को इंतजार करना पड़ेगा. भारत और पाकिस्तान की टीमें अब सीधे एशियन गेम्स 2026 में उतरेंगी, जहां एशिया की अन्य टीमों की तरह ये भी गोल्ड मेडल जीतने की कोशिश करेंगी. मगर इन गेम्स का शेड्यूल वर्ल्ड कप और एशिया कप जैसे टूर्नामेंट से कुछ अलग है. अगर सब कुछ उम्मीदों के मुताबिक रहा तो भारत और पाकिस्तान के बीच सीधे गोल्ड मेडल के लिए टक्कर हो सकती है और अगर ऐसा नहीं हुआ तो भारत-पाकिस्तान मैच देखने को नहीं मिलेगा.
सीधे क्वार्टर फाइनल में भारत-पाकिस्तान
जापान के नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक एशियन गेम्स 2026 का आयोजन होगा. लगातार दूसरी बार इन गेम्स में क्रिकेट को जगह मिली है. हालांकि क्रिकेट के मुकाबले 17 सितंबर से ही शुरू हो जाएंगे और 3 अक्टूबर तक चलेंगे. इसमें भी पहले 8 टीमों वाले महिला क्रिकेट के मैच होंगे, जिसके बाद 10 टीमों के साथ पुरुष क्रिकेट के मैच होंगे. इन दोनों में ही भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को क्वार्टर फाइनल में एंट्री दी गई है. वहीं अन्य टीमों को ग्रुप स्टेज के मैच खेलने होंगे.
अब बात एशियन गेम्स में क्रिकेट के शेड्यूल की करते हैं. टूर्नामेंट का पूरा शेड्यूल अभी रिलीज नहीं हुआ है क्योंकि दोनों ही इवेंट्स में अभी तक क्वालिफाइंग टीमों का खुलासा नहीं हुआ है. मगर क्वार्टर फाइनल स्टेज से भारत और पाकिस्तान के जो मुकाबले तय हैं, उससे साफ है कि भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला होगा तो सिर्फ किसी मेडल के लिए होगा या फिर दोनों टीम नहीं टकराएंगी.
सिर्फ मेडल के लिए होगी टक्कर
असल में भारत को क्वार्टर फाइनल-1 में रखा गया है, जबकि पाकिस्तान को क्वार्टर फाइनल-2 में रखा गया है. अगर दोनों टीम अपने-अपने मैच जीतती हैं तो सेमीफाइनल में पहुंचेंगी. मगर सेमीफाइनल में भी उनकी टक्कर नहीं होगी क्योंकि भारतीय टीम क्वार्टर फाइनल-3 की विजेता से खेलेगी, जबकि पाकिस्तान को क्वार्टर फाइनल-4 से भिड़ना होगा. अब अगर दोनों टीम अपने-अपने सेमीफाइनल मैच जीतती हैं तो उनके बीच फाइनल में गोल्ड मेडल के लिए मुकाबला होगा.
अगर दोनों टीम अपने-अपने सेमीफाइनल हारती हैं तो उनके बीच तीसरे स्थान के लिए यानि ब्रॉन्ज मेडल के लिए मुकाबला होगा. मगर कोई भी टीम क्वार्टर फाइनल हारी या दोनों क्वार्टर फाइनल हारीं तो फिर भारत-पाकिस्तान का मुकाबला देखने का मौका नहीं मिलेगा. इसी तरह अगर कोई एक टीम फाइनल में पहुंची और दूसरी सेमीफाइनल में हार गई तो भी भारत-पाकिस्तान की टक्कर देखने को नहीं मिलेगी. ये कहानी महिला और पुरुष, दोनों इवेंट में एक जैसी है. ऐसे में क्रिकेट फैंस यही दुआ करेंगे कि भारत और पाकिस्तान फाइनल तक पहुंच जाएं.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/india-vs-pakistan-cricket-match-only-in-medal-round-asian-games-2026-check-schedule-3878773.html