Ads Area

AUS vs BAN 1st Test: सिर्फ 22 ओवर में बेबस ऑस्ट्रेलिया, 23 साल बाद लौटकर बांग्लादेश ने ढाया कहर

AUS vs BAN 1st Test: सिर्फ 22 ओवर में बेबस ऑस्ट्रेलिया, 23 साल बाद लौटकर बांग्लादेश ने ढाया कहर

पूरे 23 साल के बाद बांग्लादेश क्रिकेट टीम को ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज खेलने का मौका मिल गया और इस मौके को जिस तरह बांग्लादेशी टीम ने भुनाया वो देखने लायक रहा. डार्विन में 13 अगस्त से ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच पहला टेस्ट मैच शुरू हुआ और पहले सेशन में ही बांग्लादेश ने सिर्फ 22 ओवर के अंदर ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया. हसन महमूद समेत बांग्लादेश के तेज गेंदबाजी आक्रमण ने सिर्फ 74 रन तक ऑस्ट्रेलिया के 4 विकेट लुढ़काकर सबको चौंका दिया.

23 साल बाद बांग्लादेश की घातक वापसी

2003 के बाद पहली बार बांग्लादेशी टीम ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज खेलने उतरी है. वहीं डार्विन के मैदान पर 2004 के बाद पहली बार किसी टेस्ट मैच का आयोजन हो रहा है. मगर शायद ही किसी ने सोचा होगा कि सालों बाद हो रही ऐसी वापसी का आगाज ऐसा होगा. खास तौर पर ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस को तो शायद ही इसका अंदाजा रहा होगा, क्योंकि उन्होंने टॉस जीतकर खुद पहले बैटिंग का फैसला किया था.

हालांकि ऑस्ट्रेलिया के लिए ट्रेविस हेड और जेक वेदरैल्ड की ओपनिंग जोड़ी ने शुरुआत तो ठीक-ठाक की. दोनों ने मिलकर 11 ओवर तक 45 रन जोड़ दिए थे. मगर तेज गेंदबाज हसन महमूद ने पहले वेदरैल्ड (23) को और फिर ट्रेविस हेड (22) को पवेलियन लौटा दिया. इसके बाद मार्नस लाबुशेन (1) और स्टीव स्मिथ एक साथ क्रीज पर थे, लेकिन बांग्लादेशी पेसर्स ने उन्हें रन बनाने का मौका नहीं दिया. जल्द ही लाबुशेन को पवेलियन लौटा दिया, जिनका खराब दौर खत्म होने का नाम नहीं ले रहा. वहीं पहले सेशन की आखिरी गेंद पर तस्कीन अहमद ने कैमरन ग्रीन (13) का विकेट झटक लिया.

ऑस्ट्रेलिया vs बांग्लादेश मैच का स्कोर देखने के लिए यहां क्लिक करें

राणा के बिना भी दमदार शुरुआत

बांग्लादेश की ये शुरुआत इसलिए भी खास है क्योंकि टीम अपने युवा तेज गेंदबाज नाहिद राणा के बिना ही इस टेस्ट सीरीज में उतरी है. अपने लंबे कद, तेज रफ्तार और गेंदों में घातक उछाल के दम पर राणा ने अच्छी खासी पहचान बनाई है. ऐसे में उन्हें ऑस्ट्रेलियाई जमीन पर गेंदबाजी करते देखने के लिए फैंस बेकरार थे. मगर वो सीरीज से पहले ही चोटिल हो गए और बाहर हो गए. ऐसे में उनके बिना ही बांग्लादेशी बॉलिंग अटैक को ऑस्ट्रेलिया का सामना करना है और टीम की शुरुआत अभी तक दमदार रही है.



source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/aus-vs-ban-1st-test-australia-lose-4-wickets-in-1st-session-against-bangladesh-pace-attack-3878824.html

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad