
Toby Albert Hit Six Sixes in Six Balls: इंग्लैंड के घरेलू टूर्नामेंट वन-डे कप के ग्रुप-बी मुकाबले में हैम्पशर ने ससेक्स के खिलाफ रनों का पहाड़ खड़ा करते हुए 51 रनों से शानदार जीत दर्ज की. होव के मैदान पर खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मैच में हैम्पशर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 383 रनों का विशाल स्कोर बनाया, जो इस सीजन का सबसे बड़ा स्कोर होने के साथ-साथ उनके लिस्ट-ए इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर भी है. जवाब में ससेक्स की टीम चार्ली टियर के शतक के बावजूद 332 रनों पर सिमट गई. इस मुकाबले के दौरान 6 गेंदों पर 6 छक्के मारने का कारनामा भी देखने को मिला.
ओपनर्स का शतक और फिर एल्बर्ट का तूफानी तांडव
इस मुकाबले में हैम्पशर की शुरुआत काफी शानदार रही. पूर्व ससेक्स खिलाड़ी अली ओर और 18 साल के बल्लेबाज बेन मेज ने पहले विकेट के लिए 225 रनों की शतकीय साझेदारी की. बेन मेज ने 109 रनों के साथ अपने लिस्ट-ए करियर का पहला शतक जड़ा. वहीं, अली ओर ने 14 चौकों और 1 से छक्के की मदद से 105 रन बनाए, जो उनका पांचवां लिस्ट-ए शतक रहा. इस तूफानी शुरुआत के बाद टोबी एल्बर्ट ने क्रीज पर आते ही छक्कों की आंधी ला दी.
एल्बर्ट ने लगातार 6 गेंदों पर 6 छक्के जड़ने का कारनामा किया. हालांकि, उनके ये 6 छक्के दो अलग-अलग ओवरों में आए, उन्होंने पहले दो छक्के नान्तेस ओस्थुइजेन के ओवर में लगाए और अगले ओवर में ओली कर्टली की चार गेंदों पर लगातार चार छक्के जड़ दिए. जिसके चलते एल्बर्ट ने सिर्फ 37 गेंदों पर 5 चौकों और 8 छक्कों की मदद से 86 रनों की आक्रामक पारी खेलने में कामयाब रहे. अंत में एडी जैक ने भी 5 गेंदों में 20 रन बनाकर टीम को 383 तक पहुंचाया.
चार्ली टियर का शतक गया बेकार
384 रनों के रिकॉर्ड टारगेट का पीछा करने उतरी ससेक्स की शुरुआत खराब रही और उनके शुरुआती दो विकेट जल्द ही गिर गए. इसके बाद चार्ली टियर ने मोर्चा संभालते हुए 94 गेंदों में 13 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 111 रनों की उम्दा शतकीय पारी खेली. जैक लीनिंग ने 92 रन और दान इब्राहिम ने 55 रन बनाकर टीम को मैच में बनाए रखने की पूरी कोशिश की, लेकिन 383 रनों का टारगेट बहुत बड़ा साबित हुआ. हैम्पशर के लिए बल्ले से 20 रन बनाने वाले एडी जैक ने गेंदबाजी में भी जलवा बिखेरते हुए 58 रन देकर 4 विकेट झटके. जिसके चलते ससेक्स की टीम पूरी कोशिश के बावजूद 332 रनों पर ऑलआउट हो गई.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/one-day-cup-2026-toby-albert-hit-six-sixes-in-six-balls-hampshire-beat-sussex-3875990.html