
IPL 2026 खत्म होने के बाद भारतीय टीम के टेस्ट क्रिकेट सीजन की शुरुआत दमदार रही है. अफगानिस्तान के इकलौता टेस्ट मैच आसानी से जीतने के बाद टीम इंडिया ने श्रीलंका की मुश्किल चुनौती भी पार कर ली. कोलंबो में दूसरा टेस्ट मैच भले ही टीम इंडिया नहीं जीत पाई लेकिन उसने सीरीज 1-0 से अपने नाम की. अब टीम इंडिया का अगला मिशन 3 महीने बाद है और कम से कम 4 ऐसे खिलाड़ी हैं जो उस टेस्ट सीरीज से बाहर बैठ सकते हैं.
कब और कहां है भारत की अगली सीरीज?
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के अपने अभियान के तहत 4 टेस्ट सीरीज खेल चुकी भारतीय टीम का अगला पड़ाव न्यूजीलैंड के खिलाफ है. मगर सबसे अहम बात ये है कि ये सीरीज न्यूजीलैंड में खेली जाएगा. 19 नवंबर से भारत और न्यूजीलैंड के बीच 2 टेस्ट मैच की सीरीज शुरू होगी. पूरे 6 साल से ज्यादा वक्त के बाद भारतीय टीम कीवी देश का दौरा करेगी. ऐसे में स्क्वॉड के ज्यादातर खिलाड़ियों के लिए ये नया अनुभव होगा.
कप्तान शुभमन गिल भी पहली बार न्यूजीलैंड में टेस्ट मैच खेलने उतरेंगे. मगर उनकी कप्तानी में जो स्क्वॉड न्यूजीलैंड का दौरा करेगा, उसमें कम से कम 4 ऐसे खिलाड़ी बाहर बैठ सकते हैं, जो श्रीलंका दौरे पर टीम का हिस्सा थे. इसकी वजह न्यूजीलैंड की परिस्थितियां, श्रीलंका में प्रदर्शन और कुछ खिलाड़ियों की चोट से वापसी है.
इन गेंदबाजों को बैठना होगा बाहर
न्यूजीलैंड में वेलिंग्टन और क्राइस्टचर्च में टेस्ट सीरीज के मैच खेले जाने हैं, जहां तेज गेंदबाजों को मदद मिलेगी. ऐसे में स्क्वॉड तेज गेंदबाजों से भरा रहेगा. इसको देखते बाएं हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव और कोलंबो टेस्ट में डेब्यू करने वाले स्पिनर सारांश जैन की छुट्टी तय है. हालांकि भारतीय टीम में कम से कम 2 स्पिनर फिर भी रहेंगे. इसमें रवींद्र जडेजा की जगह तय है, जबकि वॉशिंगटन सुंदर के भी चोट से उबरकर लौटने की उम्मीद है. ऐसे में मानव सुथार का न्यूजीलैंड में खेलना मुश्किल है लेकिन उन्हें स्क्वॉड में जगह मिलने की संभावना काफी ज्यादा है.
वहीं परिस्थितियों के बावजूद तेज गेंदबाज आकिब नबी को भी बाहर बैठना पड़ेगा. नबी को जसप्रीत बुमराह की चोट के बाद श्रीलंका सीरीज के लिए चुना गया था लेकिन उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिला था. बुमराह का इस सीरीज के लिए फिट होकर लौटना तय माना जा रहा है. उनके साथ मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा निश्चित रूप से खेलेंगे. चौथे तेज गेंदबाज का सवाल है तो उसमें गुरनूर बराड़ को प्राथमिकता मिलनी तय है, जबकि हर्षित राणा के फिट होने पर उनकी भी वापसी की उम्मीद है. ऐसे में नबी को फिर से अपने डेब्यू के लिए इंतजार करना पड़ेगा.
बिना खेले बाहर हो जाएंगे सरफराज?
बल्लेबाजी की जहां तक बात है तो सरफराज खान के लिए भी न्यूजीलैंड दौरे पर जगह बनती नहीं दिख रही है. न्यूजीलैंड की स्विंग और बाउंस की मददगार परिस्थितियों में सरफराज की बैटिंग को लेकर संदेह रहेगा. ऐसे में भारतीय टीम बैटिंग ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी को चुन सकती है, जिनकी मीडियम पेस बॉलिंग टीम के लिए योगदान दे सकती है. वो कितने सफल होंगे, कहना मुश्किल है लेकिन भारतीय टीम मैनेजमेंट की सोच को देखते हुए इसकी ज्यादा संभावना है.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/team-india-might-drop-these-4-players-from-squad-for-test-series-in-new-zealand-ind-vs-nz-3892651.html