
Manchester Super Giants vs Trent Rockets: लगातार 2 नाकामियों के बाद आखिरकार मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने पहली बार द हंड्रेड मेंस का खिताब जीत लिया है. 16 अगस्त को खेले फाइनल मुकाबले में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने ट्रेंट रॉकेट्स को 5 विकेट से हराया. मैनचेस्टर सुपर जायंट्स को चैंपियन बनाने में उसके ओपनर टिम साइफर्ट का बड़ा रोल रहा, जो फाइनल के हीरो तो बने ही, उसके अलावा पूरे टूर्नामेंट के भी नायक बनकर उभरे.
टिम साइफर्ट ने फाइनल में बनाए सबसे ज्यादा रन
फाइनल में ट्रेंट रॉकेट्स ने पहले बल्लेबाजी की और 100 गेंदों में 8 विकेट पर 158 रन बनाए. ट्रेंट रॉकेट्स की ओर से कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक नहीं जड़ सका. मैनचेस्टर सुपर जायंट्स को 159 रन का लक्ष्य मिला, जिसका पीछा करने में टिम साइफर्ट की भूमिका अहम रही. साइफर्ट ने फाइनल में टीम को वो बेस बनाकर दी, जिस पर जीत की इमारत खड़ी की जा सकते. साइफर्ट ने फाइनल में सिर्फ 38 गेंदों में सबसे ज्यादा 72 रन ठोके, जिसमें 7 छक्के और 4 चौके शामिल रहे.
22 छक्के उड़ाकर साइफर्ट ने ठोके 394 रन
टिम साइफर्ट सिर्फ फाइनल मुकाबले में ही मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के टॉप स्कोरर नहीं रहे. बल्कि, वो पूरे टूर्नामेंट में भी अपनी टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे. टिम साइफर्ट ने 22 छक्के के साथ 234 गेंदों पर 394 रन मारे. इस दौरान उनका औसत करीब 50 का (49.25) रहा. वहीं स्ट्राइक रेट 168.37 का रहा. साइफर्ट ने कुल 5 अर्धशतक लगाए, जिसमें 80 रन उनका बेस्ट स्कोर रहा. साफ है कि साइफर्ट ने सिर्फ द हंड्रेड के फाइनल में ही नहीं बल्कि पूरे टूर्नामेंट में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स का काम आसान किया है.
आखिरी 5 गेंदों में चाहिए थे 3 रन, फिर लगा सिक्स
मैनचेस्टर सुपर जायंट्स और ट्रेंट रॉकेट्स के बीच चैंपियन का फैसला फाइनल के आखिरी लम्हें में हुआ. ट्रेंट रॉकेट्स से मिले 159 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मैनचेस्टर सुपर जायंट्स को जीत के लिए अंतिम 5 गेंदों में 3 रन बनाने थे. पहली 2 गेंदों पर कोई रन नहीं बने, लेकिन तीसरी गेंद पर स्ट्राइक पर खड़े लायम डाउसन ने छक्का जड़ दिया और इस तरह मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने 2 गेंद पहले ही फाइनल मुकाबला जीत लिया. यानी, फाइनल को जिताने का जो काम टिम साइफर्ट ने ओपनिंग करते हुए शुरू किया था, उसे लायम डाउसन ने सही अंजाम तक पहुंचाया.
We were all Jos Buttler watching that finish
#TheHundredFinal pic.twitter.com/w06H16zE0z
— The Hundred (@thehundred) August 16, 2026
मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के लिए द हंड्रेड मेंस का ये पहला खिताब है. इससे पहले लगातार दो बार वो फाइनल में पहुंची थी मगर चैंपियन नहीं बनी थी. मगर अपने तीसरे प्रयास में वो चैंपियन बनने में सफल रही.
source https://www.tv9hindi.com/sports/cricket-news/tim-seifert-hit-22-sixes-manchester-super-giants-to-maiden-the-hundred-mens-title-3882022.html
